जिम्मेदारी, संविधान और सेवा : नामांकन के बाद लिया संकल्प

जिम्मेदारी, संविधान और सेवा : नामांकन के बाद लिया संकल्प

Published on

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल से राज्यसभा के लिए पांच सीटों पर गुरुवार को उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। इनमें से चार सीटों पर तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार और एक सीट पर भाजपा से उम्मीदवार ने अपना नामांकन दाखिल किया। तृणमूल कांग्रेस से राज्यसभा के लिए राज्य के पूर्व डीजीपी राजीव कुमार, सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ वकील मेनका गुरुस्वामी, मंत्री बाबुल सुप्रियो और बांग्ला फिल्मों की अभिनेत्री कोयल मल्लिक ने अपना-अपना नामांकन विधानसभा में आकर दाखिल किया। वहीं भाजपा से राहुल सिन्हा ने नामांकन भरा। विधानसभा के सदस्यों की संख्या देखते हुए तृणमूल से चारों उम्मीदवार और भाजपा से एक उम्मीदवार की जीत लगभग तय मानी जा रही है। 5 मार्च गुरुवार क़ो नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन था। नामांकन दाखिल करने के बाद तृणमूल से चारों उम्मीदवारों ने सीएम ममता बनर्जी के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।

राजीव कुमार ने मदर टेरेसा का कथन दोहराया

पूर्व डीजीपी राजीव कुमार नामांकन दाखिल करने के लिए सबसे पहले पहुंचे। नामांकन दाखिल करने के बाद उन्होंने कहा कि यह बहुत ही बड़ी जिम्मेदारी और सम्मानजनक विषय है। मुझे यह अवसर देने लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को धन्यवाद देता हूं। मदर टेरेसा के एक कथन को दोहराना चाहता हूं : मैं जानता हूं कि ईश्वर मुझे कभी कोई ऐसा दायित्व नहीं देंगे जिसे मैं संभाल न सकूं। काश वह मुझ पर इतना भरोसा न करते।

नया अध्याय शुरू हुआ : कोयल मल्लिक

कोयल मल्लिक ने कहा कि नये अध्याय की शुरुआत हुई है। मैं सीएम के प्रति आभार व्यक्त करती हूं। अभिषेक बनर्जी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करती हूं। मैं हमेशा से ही लोगों के लिए काम करना चाहती थी। मैं देश के लिए लोगों के लिए काम कर सकूंगी इससे बढ़कर और बड़ी जिम्मेदारी क्या हो सकती है। सभी से निवेदन है कि मुझे आशीर्वाद दें ताकि मैं अपनी जिम्मेदारी अच्छे से निभा पाऊं।

संविधान के अनुसार कार्य करने की पक्षधर हूं : मेनका गुरुस्वामी

मेनका गुरुस्वामी ने कहा कि संविधान सभी को समान अधिकार देता है। मुझे संसद के उच्च सदन में उन समान अधिकारों के लिए लड़ने का अवसर मिला। इसके लिए मैं आभारी हूं। मैं संविधान के अनुसार कार्य करने की पक्षधर हूं। संविधान समानता, गैर-भेदभाव और प्रत्येक नागरिक की गरिमा की बात करता है। ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी ने मुझे राज्यसभा में यह अवसर दिया। मैं उनकी आभारी हूं। यह मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है।

पार्टी जो दायित्व देगी उसे निभाऊंगा : बाबुल सुप्रियो

बाबुल सुप्रियो ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी का आभारी हूं कि उन्होंने मुझे संसद के उच्च सदन में भेजा। उन्हें विश्वास था कि मैं ईमानदारी और निष्ठा के साथ इस जिम्मेदारी को निभा सकता हूं। यह एक नया अनुभव है। जैसे स्टेज पर जाने से लोग कई तरह के गीत का रिक्वेस्ट करते हैं मैं मानता हूं यह भी एक स्टेज है और मैं हर तरह की भूमिका निभा रहा हूं। पार्टी जो दायित्व देगी उसे निभाऊंगा।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in