Bengal News: मजदूरों पर गिरी ईंट भट्टे की चिमनी, 3 की मौत, 30 से ज्यादा घायल

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on

बशीरहाट : बंगाल में उत्तर 24 परगना में मजदूरों के ऊपर एक ईंट भट्टे की चिमनी गिर पड़ी। इस हादसे में 3 मजदूरों की मौत हो गई। वहीं 30 से अधिक मजदूर घायल हो गए हैं। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच कर रही पुलिस ने बताया कि अभी तक हादसे की वजह साफ नहीं हो सकी है। यह घटना 24 परगना में बशीरहाट के धल्टिटाह गांव की है।

60 से ज्यादा मजदूर कर रहे थे काम

पुलिस के मुताबिक बुधवार(14 दिसंबर) को यहां ईंट भट्ठे पर रोज की तरह काम चल रहा था। यहां 60 से अधिक मजदूर अपना काम कर रहे थे। इसी बीच मुख्य चिमनी नीचे से टूट कर एक तरफ लटक गई। जब तक मजदूरों की नजर इस चिमनी पर पड़ती और वहां से वह हटते, चरमराते हुए यह चिमनी मजदूरों के ऊपर आ गिरी। इस चिमनी की चपेट में कुल 33 मजूदर चपेट में आए थे। इनमें से दो मजदूरों की तो मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल हुए बाकी 31 मजदूरों को अस्पताल ले जाया गया।

12 से ज्यादा लोगों की हालत गंभीर

पुलिस ने बताया कि अस्पताल में एक मजदूर को मृत घोषित किया गया है। वहीं बाकी के 30 मजदूरों को भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक इन घायल मजदूरों में भी एक दर्जन से अधिक की हालत नाजुक है। पुलिस ने बताया कि इस घटना के संबंध में भट्ठा मालिक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और लापरवाही की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक चिमनी गिरने की घटना की भी जांच कराई जा रही है। हालांकि अभी तक कोई ठोस कारण सामने नहीं आए हैं।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in