

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : खेल को बढावा देने के लिए आसनसोल में अब तक कोई बेहतर स्टेडियम नहीं बन सका है। लोको स्टेडियम रेलवे के अधीन है। पोलो मैदान में आसनसोल स्टेडियम फंड के अभाव में अब तक अधूरा है। शहर में युवाओं के खेलने, अभ्यास करने तथा बड़े स्तर पर खेल का आयोजन करने के लिए तृणमूल शासन काल में सेनरेले स्टेडियम बनाने की पहल की गई। तत्कालीन मंत्री मलय घटक ने इसके लिए काफी प्रयास किया। उन्होंने सेनरेले स्टेडियम निर्माण के लिए 2016 में शिलान्यास किया था। इसके बाद मैदान के पश्चिम में क़रीब 60 फीट लंबा सीढीनुमा गैलरी का भी निर्माण किया गया।इसके बाद फंड आने का इंतजार किया जाने लगा। इसी बीच सड़क किनारे से अचानक हाईटेंशन का तार हटाकर मैदान के ऊपर से ले जाने की तैयारी होने लगी। स्थानीय प्रगति संघ क्लब के सदस्यों ने बताया कि मैदान के पूर्व में तालाब को भरकर वहां हाईटेंशन के खंभे लगाकर निर्माणाधीन स्टेडियम के बीच से हाईटेंशन तार को गुजारा गया। स्थानीय अभिजीत हाजरा ने कहा कि स्टेडियम निर्माण कार्य शुरू होने के करीब दो साल बाद स्टेडियम से हाईटेंशन तार ले जाने के पीछे कोई न कोई राज छिपा हुआ है। वहीं जब लोगों ने स्टेडियम निर्माण की बात की तो तृणमूल नेता पीछे हटने लगे। इस संबंध में कोई कुछ भी बोलने से कतराने लगा। वहीं तत्कालीन मंत्री मलय घटक ने हाईटेंशन तार की दुहाई देते हुए कहा कि इस स्थिति में स्टेडियम निर्माण करना संभव नहीं है।
स्टेडियम की फिलहाल की स्थिति
अधूरे सेनरेले स्टेडियम की स्थिति फिलहाल काफी दयनीय है। पूरा मैदान जंगली झाड़ियों से पट चुका है। शिलान्यास किया गया शिलापट क्षतिग्रस्त हो चुका है। यहां किसी भी खेल का आयोजन पूर्व मैदान की सफाई और मैदान में व्यापक संख्या में बने गड्ढों को भर कर समतल करना पड़ेगा।
क्या कहना है विधायक का
आसनसोल उत्तर के विधायक कृर्ष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि भाजपा खेल और खिलाड़ियों को आगे बढाने पर जोर दे रही है। जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में इंडोर स्टेडियम निर्माण करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोग एक घर बनाने के पहले योजना बनाते हैं। करोड़ों रुपये की लागत से स्टेडियम निर्माण के लिए तृणमूल नेताओं ने कोई प्लान (योजना) नहीं बनाई थी, जिस कारण निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि तृणमूल नेताओं का काम है भ्रष्टाचार व लूट करना। अगर योजना के तहत निर्माण कार्य किया जाता तो हाईटेंशन का मामला सामने आता ही नहीं। स्टेडियम निर्माण कार्य शुरू होने के बाद सड़क किनारे से हटा कर हाईटेंशन खंभे को स्टेडियम के बीच लगाने का मामला आखिर क्यों हुआ। यह एक सोची समझी साजिश के तहत किया गया। तृणमूल नेताओं को जो घोटाला करना था वे करके साफ निकल गए।