ये चैलेंज वाले डायलॉग सिनेमा में अच्छे लगते है : अग्निमित्रा पॉल

अग्निमित्रा पॉल ने अभिषेक बनर्जी को दिया करारा जवाब
ये चैलेंज वाले डायलॉग सिनेमा में अच्छे लगते है : अग्निमित्रा पॉल
Published on: 

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : काली पूजा के बीच पश्चिम बंगाल की राजनीति में जुबानी जंग तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को खुली चुनौती देते हुए कहा था कि वह पुलिस सुरक्षा हटाकर 15 मिनट के लिए सड़कों पर आएं, फिर पता चलेगा कि किसमें कितना दम है। अभिषेक बनर्जी के इस बयान के बाद भाजपा नेत्री अग्निमित्रा पॉल ने काली पूजा उद्घाटन के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए तीखा पलटवार किया। मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने अभिषेक बनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अभिषेक पहले पुलिस के बिना पश्चिम बंगाल घूम कर दिखाइए। आप हमारे मुख्यमंत्री को चैलेंज कर रहे हैं, मैं आपको चैलेंज कर रही हूं। आप भूल रहे हैं, आपने कई बार देखा है जनरोष किसे कहते हैं। उन्होंने कहा कि अब बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार नहीं है, बल्कि राष्ट्रवादी सरकार है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी राजनीति में पैराशूट से नहीं उतरे हैं। उन्होंने ममता बनर्जी को दो-दो बार चुनाव में हराया है। अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि ये चैलेंज वाले डायलॉग सिनेमा में अच्छे लगते हैं। ओपन चैलेंज मत कीजिए। इसके बाद उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी ललकारा। उन्होंने कहा कि ममता दी, आप पश्चिम बंगाल में कहीं से भी एक काउंसिलर का टिकट लेकर एक बार जीत कर दिखाइए, तब अपने भतीजे को कहिएगा सिनेमा जैसे डायलॉग सड़क पर खड़े होकर देने को। आपके पीछे कितने बंगाल के लोग हैं, वो कॉरपोरेशन वोट में एक काउंसिलर का टिकट लेकर जीत कर दिखाइए।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News