SAIL ISP के जहरीले कचरे के खिलाफ उठी बुलंद आवाज

दामोदर मर रही है, आदिवासी युवा अब चुप नहीं बैठेंगे
नारा लगाते फोरम के पदाधिकारी
नारा लगाते फोरम के पदाधिकारी
Published on: 

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

बर्नपुर : बंगाल की जीवन रेखा कही जाने वाली दामोदर नदी आज खुद जिंदगी के लिए तड़प रही है! श्यामडीह और डिहिका के बीच स्थित घुसुर इलाके में नदी का पानी गंदा पड़ गया है, बदबू से लोग नाक बंद करके गुजर रहे हैं, मछलियां तड़प-तड़प कर मर रही हैं। और अब इस बर्बादी के खिलाफ आदिवासी स्टूडेंट एंड यूथ फोरम ने बिगुल फूंक दिया है। फोरम ने साफ कहा है - दामोदर हमारी मां है, हमारी जीवन रेखा है। इसे जहरीला करने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा। फोरम का कहना है कि घुसुर के पास दामोदर नदी में सेल आईएसपी प्लांट का कचरा लगातार गिराया जा रहा है। पहले जहां नदी का पानी साफ और नीला दिखता था, अब वहां पानी का रंग काला और मटमैला हो गया है। फोरम के हीरालाल सोरेन ने कहा कि हम आदिवासी लोग सदियों से दामोदर के किनारे रहते आए हैं। यही नदी हमारा पीने का पानी है, यही हमारी खेती है, यही हमारी आस्था है। लेकिन आज प्लांट का कचरा हमारी नदी को नाला बना रहा है। हम कब तक चुप रहेंगे? फोरम ने इस मुद्दे को सिर्फ भाषण तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने सेल आईएसपी के DIC और जिला शासक (DM) को भी पत्र लिखकर जानकारी दी है। इस मौके पर गुरदास किस्कू, काली मंगल मुर्मू, अभिषेक मांडी, अजय हांसदा, जीवन कोरा, विवेक मांडी, चंद्र हांसदा सहित अन्य लोग मौजूद थे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News