

जितेंद्र, सन्मार्ग संवाददाता
सांकतोड़िया : बिहार के ऐतिहासिक सोनपुर मेले में इस बार ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) ने आधुनिक खनन तकनीक और मशीनीकृत भूमिगत कोयला उत्पादन की क्षमताओं का प्रदर्शन कर अपनी तकनीकी उपलब्धियों को सामने रखा है। भारत सरकार के कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने सोनपुर मेले में कोल इंडिया पवेलियन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर ईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) गुंजन कुमार सिन्हा ने उनका स्वागत किया। कोल इंडिया पवेलियन में ईसीएल की ओर से प्रदर्शित आधुनिक खनन तकनीक का कार्यशील मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसमें लॉन्गवॉल और कंटीन्यूअस माइनर तकनीक को मॉडल के माध्यम से दर्शाया गया है। ये दोनों तकनीकें भूमिगत कोयला खनन के क्षेत्र में मशीनीकरण, उत्पादन क्षमता और तकनीकी बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जाती हैं। मॉडल के जरिए आम लोगों को यह समझाने का प्रयास किया गया है कि पारंपरिक खनन पद्धतियों से आगे बढ़कर आधुनिक मशीनों की मदद से भूमिगत खदानों में किस तरह कोयला उत्पादन किया जाता है। ईसीएल की इस पहल का उद्देश्य केवल अपनी तकनीकी उपलब्धियों का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि आम लोगों को भारतीय कोयला उद्योग में हो रहे बदलावों और आधुनिक खनन व्यवस्था से परिचित कराना भी है। विशेष रूप से लॉन्गवॉल तकनीक भूमिगत खदानों में बड़े पैमाने पर मशीनीकृत उत्पादन की प्रक्रिया को प्रदर्शित करती है, जबकि कंटीन्यूअस माइनर तकनीक भूमिगत कोयला निष्कर्षण में मशीनों की भूमिका को दर्शाती है।
गौरतलब है कि सोनपुर मेला अपनी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। सदियों पुरानी परंपरा से जुड़े इस मेले में हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे विशाल जनसमागम वाले मंच पर कोल इंडिया और ईसीएल की भागीदारी के माध्यम से कोयला उद्योग की तकनीकी प्रगति को आम जनता तक पहुंचाने का अवसर मिला है। ईसीएल ने इस सहभागिता के जरिए भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा और आधुनिक औद्योगिक तकनीक के बीच एक अनूठा समन्वय प्रस्तुत किया है। सोनपुर मेले में कंपनी की मौजूदगी यह भी दर्शाती है कि कोयला उद्योग अब केवल उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि तकनीकी आधुनिकीकरण और मशीनीकरण के जरिए भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।