

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : श्री अरबिंदो योगा एंड नॉलेज फाउंडेशन ने सेल आईएसपी के CSR के सहयोग से ग्रामीण बच्चों के लिए शेयरिंग हैपीनेस पहल के तहत कार्यक्रम आयोजित किया। गौरतलब है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण बच्चों के स्वास्थ्य, खुशी और सर्वांगीण कल्याण को बढ़ावा देना है , जिसमें हैप्पी फिट , हैप्पी स्माइल हैप्पी आईज शामिल है। संस्था के पदाधिकारी ने बताया कि इसके अंतर्गत बच्चों को चप्पल वितरित की गई, दंत जांच के साथ डेंटल किट दी गई तथा नेत्र जांच शिविर में जांच के बाद जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क चश्मा प्रदान किया गया। आगे बताया कि कार्यक्रम का पहला दिन कुईलापुर फ्री प्राइमरी स्कूल में आयोजित हुआ, जिसमें कुल 103 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना और दिव्य आशीर्वाद के साथ हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था। इस पहल का नेतृत्व फाउंडेशन के निदेशक डॉ. समरेंद्र मोहन घोष कर रहे हैं। इस मौके पर डॉ. कौशिक कुमार गुप्ता, डॉ. पद्मनाभ मुखर्जी, डॉ. स्वच्छतया घोषाल, मास्टर अर्नब कुमार सरदार, निशा बनर्जी , अर्पिता सरदार, CSR के पवन कुमार सिंह, अभिषेक शौर्या, विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्राणतोष माझी सहित अन्य लोग मौजूद थे।