

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर: हीरापुर थाना के त्रिवेणी मोड़ उस वक्त थर्रा उठा, जब एक डंपर का ऊपरी हिस्सा रेलवे ब्रिज को ऐसी टक्कर मारी कि उसका ऊपरी हिस्सा भरभराकर सड़क पर आ गिरा। धमाका इतना जोरदार था कि राहगीरों में हड़कंप मच गया। चश्मदीदों के मुताबिक, डंपर तेज रफ्तार में ब्रिज के नीचे से गुजर रहा था। अचानक उसका ऊपरी हिस्सा रेलवे ब्रिज से टकराया और देखते ही देखते ब्रिज का एक हिस्सा नीचे गिर पड़ा। गनीमत रही कि ठीक उसी वक्त नीचे से कोई बाइक, टोटो या पैदल यात्री नहीं गुजर रहा था। अगर एक भी व्यक्ति नीचे होता, तो उसकी जान बचनी मुश्किल थी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। कुछ ही मिनटों में सैकड़ों लोग घटनास्थल पर जमा हो गए और जाम लग गई। जाम में फंसे लोगों का कहना है कि त्रिवेणी मोड़ पर डंपर के कारण आज हमलोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने कहा कि रेलवे और प्रशासन ब्रिज की पूरी सुरक्षा जांच कराए, वरना कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।