पांडवेश्वर में हाथों में तिरंगा लेकर सड़क पर उतरे सैकड़ों लोग

रेलगेट बंद करने के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन, रेलवे को टालनी पड़ी कार्रवाई
आंदोलनरत लोग और मौके पर मौजूद आरपीएफ
आंदोलनरत लोग और मौके पर मौजूद आरपीएफ
Published on: 

संजय सन्मार्ग संवाददाता पांडवेश्वर : डालुरबांध साइडिंग जाने वाले रेलगेट को स्थायी रूप से बंद करने के रेलवे के फैसले के विरोध में शनिवार को पांडवेश्वर में जन आक्रोश उमड़ पड़ा। पांडवेश्वर के फुलबागान मोड़ के आसपास का इलाका सुबह से ही तनावपूर्ण रहा। दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सैकड़ों स्थानीय निवासी हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे और रेलवे प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों के तीखे तेवर और भारी विरोध को देखते हुए मौके पर पहुंची आरपीएफ और रेलवे अधिकारियों की टीम को रेलगेट बंद करने की कार्रवाई फिलहाल टालनी पड़ी।

28 नवंबर से बंद होना था रेलगेट

रेलवे की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, पांडवेश्वर–डालुरबांध साइडिंग रेल लाइन के 1/18 और 1/19 किलोमीटर के बीच स्थित मानव रहित लेवल क्रॉसिंग को 28 नवंबर 2026 से आम लोगों की आवाजाही के लिए स्थायी रूप से बंद किया जाना था। रेलवे ने विकल्प के तौर पर लोगों को रोड ओवरब्रिज के जरिए रानीगंज-पांडवेश्वर के बीच स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-14 (NH-14) से होकर जाने का सुझाव दिया था। शनिवार को इसी आदेश पर अमल करने के लिए रेलवे अधिकारी और आरपीएफ कर्मी मौके पर पहुंचे थे, जिसकी भनक लगते ही लोग सड़कों पर जुट गए।

प्रशासन, बाजार और स्कूलों को जोड़ने वाली मुख्य कड़ी

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह क्रॉसिंग महज एक रास्ता नहीं, बल्कि पांडवेश्वर की रोजमर्रा की जिंदगी और व्यापार से जुड़ी अहम कड़ी है। पांडवेश्वर चैंबर ऑफ कॉमर्स के पवन अग्रवाल ने बताया कि रेलगेट के एक छोर पर थाना, प्रशासनिक दफ्तर, स्वास्थ्य केंद्र और कई स्कूल हैं, जबकि दूसरे छोर पर मुख्य बाजार, डाकघर और कॉलेज जाने का रास्ता है। लंबी दूरी की कई यात्री बसें भी इसी मार्ग से गुजरती हैं। रेलगेट बंद होने से छात्र-छात्राओं, कारोबारियों और आम लोगों की दिक्कतें बढ़ जाएंगी।

वैकल्पिक सड़क बने, वरना जारी रहेगा आंदोलन

अमित कुमार पांडेय, कृष्ण मुरारी लाल, कीर्तन कोटाल सहित स्थानीय लोगों ने दो टूक कहा कि सुरक्षा के नाम पर सीधे रेलगेट बंद करना समस्या का हल नहीं है। उन्होंने मांग की कि बंद करने से पहले फुलबागान मोड़ के पास आम लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक सड़क का निर्माण कराया जाए। दूर बने ओवरब्रिज से घूमकर जाने की व्यवस्था व्यावहारिक नहीं है। लोगों ने चेतावनी दी कि जब तक ठोस विकल्प नहीं मिलेगा, तब तक जनहित में यह विरोध जारी रहेगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News