तालतोड़ में इस्कॉन मंदिर के निर्माण का शिलान्यास भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का बनेगा केंद्र

विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी सहित कई गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु रहे उपस्थित, मंदिर निर्माण को लेकर क्षेत्र में उत्साह
शिलान्यास कार्यक्रम में उपस्थित विधायक डॉ बिजन कुमार मुखर्जी
शिलान्यास कार्यक्रम में उपस्थित विधायक डॉ बिजन कुमार मुखर्जी
Published on: 

जामुड़िया : विधानसभा क्षेत्र के तालतोड़ में इस्कॉन मंदिर के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। इस पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी सहित इस्कॉन के श्रीपाद उदयचंद्र दास ब्रह्मचारी, गोविंद मनोहर प्रभु, तुलसीनाथ प्रभु, छोटन प्रभु, सुरजीत गोस्वामी प्रभु, उत्तम प्रभु, तापस राय, पिनाकी राय, नारायणी दत्ता, अकुल दत्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में प्रार्थना की गई कि प्रस्तावित इस्कॉन मंदिर आने वाले दिनों में भक्ति, शांति, सद्भाव, सामाजिक समरसता और मानव सेवा का एक प्रमुख केंद्र बने। मंदिर निर्माण की इस पहल को लेकर उपस्थित श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। लोगों ने इसे क्षेत्र के आध्यात्मिक एवं सामाजिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि आज का दिन उनके लिए अत्यंत सौभाग्य और आनंद का दिन है। इस्कॉन मंदिर के इस पवित्र कार्यक्रम में शामिल होकर वे स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यहां केवल एक मंदिर की नींव नहीं रखी जा रही है, बल्कि भक्ति, संस्कृति और मानवता की ऐसी मजबूत नींव रखी जा रही है, जो आने वाली पीढ़ियों को आध्यात्मिक संस्कार, नैतिक मूल्यों और सेवा की भावना से जोड़ने का कार्य करेगी।

उन्होंने मंदिर निर्माण की इस पहल को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए इसके सफलतापूर्वक पूर्ण होने की कामना की।

आयोजकों ने इस महत्वपूर्ण धार्मिक एवं आध्यात्मिक पहल से जुड़े सभी सहयोगकर्ताओं, भक्तों और उपस्थित गणमान्य लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News