

जामुड़िया : प्रकृति की गोद में आस्था, पवित्रता और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम माने जाने वाले लोक आस्था के महापर्व छठ का अहसास होते ही चारों ओर छठी मइया के पारंपरिक गीतों की मधुर गूंज सुनाई देने लगी है। घरों, बाजारों, गलियों और पूजा की तैयारियों में जुटे परिवारों के बीच भोजपुरी छठ गीतों की धुन वातावरण को भक्तिमय बना रही है। इन गीतों से लोगों के मन में महापर्व के प्रति श्रद्धा और उत्साह का संचार हो रहा है।
छठ गीतों की चर्चा हो और स्वर कोकिला स्वर्गीय शारदा सिन्हा का नाम न आए, ऐसा संभव नहीं है। उनकी आवाज में गाए गए पारंपरिक गीत आज भी करोड़ों श्रद्धालुओं के दिलों में बसे हैं। उनकी गायकी में मां की ममता, पारिवारिक खुशहाली और छठी मइया के प्रति अटूट विश्वास झलकता है।
"कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाय" और "पहिले-पहिले हम कइनी छठी मइया बरत तोहार" जैसे गीत छठ की पहचान बन चुके हैं।
वहीं भोजपुरी गायक पवन सिंह के गीतों ने नई पीढ़ी के बीच भी इस पर्व की लोकप्रियता बढ़ाई है। "हे छठी मइया, रउरा महिमा अपार बा" और "उग हे सूरज देव, अरघ के बेर भइल" जैसी भक्तिमय धुनें लोगों को आकर्षित कर रही हैं।
गायिका देवी की मधुर आवाज में पारंपरिक छठ गीतों की अलग पहचान है। उनके गीत लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ते हैं। वहीं अक्षरा सिंह के छठ गीतों में आधुनिक संगीत के साथ पारंपरिक आस्था का सुंदर मेल दिखाई देता है।
बॉक्स
लोकगीतों में समाई है परिवार की खुशहाली की कामना
छठ गीतों की विशेषता है कि इनमें धार्मिक भावना के साथ मां-बेटे का स्नेह, पति-पत्नी का विश्वास, परिवार की सुख-समृद्धि और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का भाव समाहित है। यही कारण है कि इन गीतों को सुनते ही लोगों को अपने गांव, बचपन और छठ घाटों की याद आने लगती है।
चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में नहाय-खाय, खरना, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा है। व्रती कठोर नियमों का पालन कर परिवार की सुख-शांति, संतान की दीर्घायु और समाज के कल्याण की कामना करते हैं।
छठ की सबसे बड़ी विशेषता सूर्य और प्रकृति की उपासना है। जाति-वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर पूरा समाज इसमें सहभागी बनता है। इसीलिए छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि लोक संस्कृति, पारिवारिक एकता और सामाजिक सद्भाव का जीवंत प्रतीक है।