

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : हीरापुर थाना क्षेत्र में अवैध लॉटरी के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने रविवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कुणाल दत्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से झारखंड लॉटरी के 8 से 10 बंडल टिकट जब्त किए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11 बजे हीरापुर पुलिस स्टेशन की ऑफिसर-इन-चार्ज LSI नसरीन सुल्ताना को गुप्त सूचना मिली कि राधानगर रोड के समीप कोई व्यक्ति अवैध रूप से झारखंड लॉटरी के टिकट बेच रहा है। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी ने बिना देर किए मामले की सत्यता जांचने के लिए हीरापुर पीसी पार्टी को निर्देश दिया। निर्देश मिलते ही पीसी पार्टी की टीम तुरंत हरकत में आई और बताए गए स्थान पर पहुंचकर छापेमारी शुरू की। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को राधानगर रोड स्थित डीएस प्लाजा अपार्टमेंट के पास एक अस्थायी दुकान पर कुणाल दत्ता नामक व्यक्ति झारखंड लॉटरी के टिकट बेचते हुए मिला। पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और तुरंत इसकी सूचना थाना प्रभारी को दी। इसके बाद अभियुक्त को गिरफ्तार कर हीरापुर थाना लाया गया। पुलिस ने मौके से करीब 8 से 10 बंडल लॉटरी टिकटों को जब्त कर लिया है। पुलिस अब इस मामले की गहन जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि इलाके में यह अवैध कारोबार किसके इशारे पर चल रहा था और इसके पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं। ।पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध लॉटरी का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने साफ कहा है कि इलाके में किसी भी तरह के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इस मौके पर पुलिस अधिकारी अतनु नाग सहित पीसी पार्टी के टीम मौजूद थे।