

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी रिवरबैंक कॉलोनी में मां काली पूजा का आयोजन पूरे श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया। कॉलोनी के पूजा पंडाल में मां काली की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई थी। फूल-माला, दीप और धूप से सजा पंडाल भक्तिमय वातावरण में सराबोर दिखा। पुरोहित ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। कॉलोनीवासियों ने सामूहिक रूप से मां काली की पूजा की और सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूजा के दौरान शंखनाद, ढाक की धुन और मां काली के जयकारों से पूरा इलाका गूंज उठा। इस अवसर पर बच्चों ने पटाखे फोड़कर और आतिशबाजी का आनंद लेकर उत्सव की खुशियां मनाईं। छोटे-बड़े सभी के चेहरे पर उत्साह और उल्लास साफ झलक रहा था। आयोजकों ने बताया कि पूजा के उपलक्ष्य में खिचड़ी भोग एवं सामूहिक प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया गया। इसमें कॉलोनी के सभी परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया, जो आपसी भाईचारे और एकजुटता का प्रतीक बना। पूरे आयोजन के दौरान कॉलोनी में भक्ति, उल्लास, आपसी सौहार्द और एकजुटता का सुंदर वातावरण देखने को मिला। यह आयोजन रिवरबैंक कॉलोनी की वर्षों पुरानी परंपरा और सामुदायिक एकता का प्रतीक बना।