कल्ला अस्पताल में मेडिकल कॉलेज खोलने की सीएम की मांग

खदानें बंद नहीं होने देने का मिला भरोसा
मुख्यमंत्री से साथ मुलाकात करते सीएमडी डॉक्टर सतीश झा
मुख्यमंत्री से साथ मुलाकात करते सीएमडी डॉक्टर सतीश झा
Published on: 

जितेंद्र, सन्मार्ग संवाददाता

सांकतोड़िया : ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के कल्ला स्थित केंद्रीय अस्पताल में मेडिकल कॉलेज खोलने की मांग ने अब जोर पकड़ लिया है। राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ईसीएल प्रबंधन से कल्ला केंद्रीय अस्पताल में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में पहल करने की मांग की है। इससे कोयलांचल के लोगों में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की उम्मीद जगी है। मेडिकल कॉलेज की स्थापना होने से न केवल स्थानीय लोगों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी, बल्कि चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी आसनसोल-रानीगंज औद्योगिक क्षेत्र को नई पहचान मिल सकती है। इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर दुर्गापुर स्थित सृजनी ऑडिटोरियम में आयोजित बैठक के दौरान मुख्यमंत्री और ईसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (सीएमडी) डॉ. सतीश झा के बीच विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में ईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) गुंजन कुमार सिन्हा भी मौजूद थे। इस दौरान ईसीएल से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे मुख्यमंत्री के समक्ष उठाए गए। इनमें कल्ला केंद्रीय अस्पताल में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के साथ-साथ कोयला खदानों को बार-बार बंद किए जाने और रानीगंज मास्टर प्लान जैसे अहम विषय शामिल रहे। बैठक के बाद सीएमडी डॉ. सतीश झा ने चर्चा के प्रमुख बिंदुओं की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के साथ ईसीएल से संबंधित कई महत्वपूर्ण विषयों पर बातचीत हुई। उन्होंने विशेष रूप से इस बात को उठाया कि कोयला क्षेत्र में विभिन्न कारणों से बार-बार खदानों को बंद करने की स्थिति उत्पन्न होती है। इससे न केवल कोयला उत्पादन प्रभावित होता है, बल्कि कंपनी की आर्थिक गतिविधियों, रोजगार और क्षेत्र के समग्र विकास पर भी असर पड़ता है। खदानों को बंद करने के बजाय समस्याओं का समाधान निकालकर उनका संचालन जारी रखने की आवश्यकता पर चर्चा की गई।

कल्ला केंद्रीय अस्पताल में मेडिकल कॉलेज खोलने का प्रस्ताव भी इस बैठक का महत्वपूर्ण विषय रहा। वर्तमान में ईसीएल का यह अस्पताल कोयलांचल के लोगों के लिए एक प्रमुख चिकित्सा केंद्र है। यहां मेडिकल कॉलेज की स्थापना होने से अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार हो सकता है। हालांकि, मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर अभी आगे की प्रक्रिया, आवश्यक संसाधन, स्वीकृति और निवेश जैसे पहलुओं पर निर्णय होना बाकी है। बैठक में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार से लेकर कोयला खदानों के भविष्य और रानीगंज मास्टर प्लान तक कई ऐसे मुद्दे सामने आए, जिनका सीधा संबंध पश्चिम बर्दवान के विकास और हजारों लोगों के भविष्य से है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News