गुणवत्ता बनाए रखकर व्यापार करें, कोई शिकायत नहीं आनी चाहिए : खाद्य मंत्री

बर्दवान जिला राइस मिल्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय छठे बर्दवान राइस एक्सपो के उद्घाटन
गुणवत्ता बनाए रखकर व्यापार करें, कोई शिकायत नहीं आनी चाहिए : खाद्य मंत्री
Published on: 

संजय, सन्मार्ग संवाददाता

​बर्दवान : मैं व्यापारियों के खिलाफ नहीं हूं। आप व्यापार करें, मुनाफा कमाएं। लेकिन आम जनता या किसानों की तरफ से कोई शिकायत नहीं आनी चाहिए। शुक्रवार को बर्दवान के तालित इलाके के साई (SAI - स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया) कॉम्प्लेक्स में बर्दवान जिला राइस मिल्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय छठे बर्दवान राइस एक्सपो के उद्घाटन समारोह में राज्य के खाद्य मंत्री अशोक कीर्तनीया ने ये बातें कहीं।

​उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में वर्तमान राष्ट्रवादी सरकार ने ''जीरो टॉलरेंस'' की नीति अपनाई है, इसलिए किसी भी तरह का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राइस मिल मालिकों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा, कि आप अपनी राइस मिलों का आधुनिकीकरण करें, लेकिन सुधार के नाम पर गुणवत्ता को नष्ट न करें। चावल को लंबा करने के चक्कर में उसका कार्बोहाइड्रेट नष्ट किया जा रहा है। इसलिए गुणवत्ता बनाए रखते हुए ही व्यवसाय करें।

​खाद्य मंत्री ने आगे बताया कि 1 दिसंबर से पूरे राज्य में सरकारी स्तर पर धान की खरीद शुरू हो रही है। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मंत्री और सरकारी अधिकारी को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि कहीं भी कोई समस्या या भ्रष्टाचार न हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 1 दिसंबर से शुरू होने वाले धान खरीद अभियान के दौरान मंत्री और अधिकारी बिना किसी पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण करेंगे कि सब कुछ ठीक से चल रहा है या नहीं।

सिंगूर में अशोक लीलैंड के कारखाना आने की संभावना

​उल्लेखनीय है कि इस राइस एक्सपो में राज्य के उद्योग मंत्री तापस राय, खाद्य राज्य मंत्री शांतनु प्रमाणिक और उद्योग राज्य मंत्री मौमिता विश्वास मिश्रा भी उपस्थित थे। इस अवसर पर उद्योग मंत्री तापस राय ने सिंगूर में अशोक लेलैंड के आने के संदर्भ में कहा कि अभी सब कुछ अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है, लेकिन सिंगूर की जमीन पर उद्योग जरूर लगेगा। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में बर्दवान जिले में उद्योग और कृषि के क्षेत्र में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। इसके साथ ही, राइस मिलों के दूषित पानी से खेती की जमीन को नुकसान पहुंचने की शिकायतों पर उन्होंने मिल मालिकों से इस पर ध्यान देने की अपील की और आश्वासन दिया कि राज्य सरकार भी इस विषय पर विचार करेगी।

​दूसरी ओर, इस तीन दिवसीय राइस एक्सपो के आयोजक और पंजाब से आए राजेश गुप्ता ने बताया कि इस मेले में देश-विदेश के लगभग 500 स्टॉल लगाए गए हैं। इस कार्यक्रम में आयोजक बर्दवान जिला राइस मिल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार साहाना, सचिव रामप्रसाद घोष सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News