

विनोद, सन्मार्ग संवाददाता
रानीगंज : सिंगारून नदी के किनारे फैक्ट्री से निकलने वाले जहरीले फ्लाई ऐश डाले जा रहे हैं , जिससे नदी का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। इसे लेकर नदी बचाओ कमेटी के सदस्य और स्थानीय ग्रामीण सड़कों पर उतर आए हैं।
बड़ी संख्या में ग्रामीण सिंगारून नदी के एक सहायक किनारे पर जमा हुए, जहां पिछले कुछ दिनों से जमीन मालिकों द्वारा नदी के बहाव के किनारे फैक्ट्री की जहरीली फ्लाई राख डंप की जा रही है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि देखने में यह भले ही साधारण धूल लगे, लेकिन हकीकत में यह जहरीली फ्लाई राख है। इस राख में कई तरह के हानिकारक केमिकल होते हैं। एक बार पानी में मिल गये तो फिर कोई बचाव नहीं होगा। मछलियां मर जाएंगी, जलीय जीव समाप्त हो जाएंगे और मिट्टी की उर्वरता नष्ट हो जाएगी। स्थानीय लोगों को भय है कि यदि एक-एक कर सभी जोड़ बंद कर दिए गए, तो भारी बारिश में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाएगी। परिणामस्वरूप पानी ओवरफ्लो होकर बड़े क्षेत्र में फैल जाएगा, राष्ट्रीय राजमार्ग-14 को नुकसान पहुंचेगा, यातायात बाधित होगा
, बारिश का पानी आसपास की बस्तियों और फैक्ट्रियों में घुस जाएगा। ईसीएल की एक बंद खदान और एक चालू खदान भी प्रभावित होंगी अर्थात बांध का अर्थ केवल बांध नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए बाढ़, प्रदूषण और आपदा का द्वार खुलना है। नदी बचाओ कमेटी और स्थानीय लोगों ने पहले ही पुलिस और रानीगंज ब्लॉक प्रशासन को लिखित में अपनी चिंता और आपत्ति जताई थी। इसके बावजूद जमीन मालिक द्वारा बांध के पास प्रदूषित राख डालने का कार्य जारी रखा गया। शुक्रवार को अमरासोता स्थित NH 19 के किनारे इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों में विवाद भी हुआ। हालांकि स्थानीय लोगों के विरोध और आंदोलन के बाद आखिरकार जमीन मालिक ने अपनी गलती मानी और नदी किनारे से प्रदूषित राख हटाने का कार्य शुरू कर दिया है।