आसनसोल के नामी सोसाइटी अंकुर में दिवाली के दिन लगी आग

लोगों की सूझबूझ और फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा
आग बुझाते दमकल कर्मी
आग बुझाते दमकल कर्मी
Published on: 

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : दिवाली की खुशियों के बीच आसनसोल शहर की नामी और पॉश सोसाइटी अंकुर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सोसाइटी के एक ब्लॉक में अचानक आग लग गई। दीपों और लाइटों से जगमगा रही सोसाइटी में अचानक धुआं उठता देख लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में आग की लपटें दिखाई देने लगीं और पूरे ब्लॉक में दहशत का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि आग दिवाली के दिन शॉर्ट शर्किट या दीयों से लगी हो सकती है। हालांकि आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। घटना के समय सोसाइटी में अधिकतर लोग अपने-अपने घरों में दिवाली मना रहे थे। जैसे ही आग की सूचना मिली, लोग घरों से बाहर निकल आए और तुरंत एक-दूसरे की मदद के लिए आगे आए। सोसाइटी के जागरूक निवासियों ने बिना समय गंवाए फायर ब्रिगेड को सूचना दी और खुद भी आग बुझाने में जुट गए। लोगों ने बाल्टी से पानी डालकर और फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल कर आग को फैलने से रोका। इसी दौरान फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई ।दमकलकर्मियों ने तेजी से मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, अगर समय रहते लोग सतर्क नहीं होते और फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंचती, तो कोई बड़ी घटना भी हो सकती थी, क्योंकि दिवाली के दिन सोसाइटी में लोगों की काफी भीड़ थी और हर घर में दीये, मोमबत्ती और सजावटी लाइटें लगी हुई थीं। घटना के बाद सोसाइटी में सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि त्योहारों के दौरान आग से बचाव के लिए और अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News