

संजय सन्मार्ग संवाददाता अंडाल: फरीदपुर (लावदोहा)थाना अंतर्गत जब्बारपल्ली इलाके लोहे की रॉड और बांस से पीट -पीट कर एक युवक की हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव और सनसनी फैल गई है।मृतक की पहचान श्याम कुमार दास(36) के रूप में हुई है।
जमीन को लेकर शुरू हुआ था विवाद
मृतक के पिता परिमल दास की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, श्याम दास का अजय नंदी और विजय नंदी के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी पुराने विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि आरोपियों ने धारदार हथियार, लोहे की रॉड और बांस से श्याम पर हमला बोल दिया और उनकी बेरहमी से पिटाई की।
गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें दुर्गापुर इस्पात अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के पीछे राजनीतिक संबंध होने के आरोप भी सामने आए हैं। परिवार का दावा है कि आरोपी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ता हैं।
पुलिस की कार्रवाई और तलाश जारी
फरीदपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करा दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल से एक लोहे की रॉड भी बरामद की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में अभियुक्त प्रसून पांडे और विजय नंदी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी अजय नंदी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
फिलहाल, पुराने जमीन विवाद, जानलेवा हमले और इसमें राजनीतिक जुड़ाव के आरोपों के बीच जब्बार पल्ली इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।