

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों को अंदर ही बंद कर मकान के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा देने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि मकान मालिक ने पानी और बिजली का कनेक्शन भी काट दिया। दुर्गापुर के इंद्रप्रस्थ इलाके की इस घटना को लेकर इलाके में भारी हंगामा मच गया। सूचना मिलने ही विधायक लक्ष्मण घोरुई मौके पर पहुंचे। उनके हस्तक्षेप से कई घंटे बाद मकान मालिक भारती मंडल ने ताला खोला।
इस संदर्भ में स्थानीय लोगों ने बताया कि इंद्रप्रस्थ इलाके में एक स्वयंसेवी संस्था किराये के मकान में वृद्धाश्रम संचालित करती है। मकान मालिक भारती मंडल का आरोप है कि किराये के समझौते की अवधि समाप्त होने के बावजूद संस्था ने मकान खाली नहीं किया है। इसके अलावा लंबे समय से बड़ी रकम का किराया भी बकाया है। इसी विवाद के बीच पहले बिजली का कनेक्शन काट दिया गया था। उस समय भाजपा युवा नेता पारिजात गांगुली के हस्तक्षेप से वृद्धाश्रम में बिजली आपूर्ति बहाल हुई थी। लेकिन विवाद का समाधान नहीं हुआ और अब बुजुर्गों के अंदर रहते हुए ही मकान में ताला लगाने का आरोप लगा है। विधायक लखन घोरूई ने मकान मालिक की कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को घर के अंदर बंद कर पानी और बिजली काट देना बेहद अमानवीय है। साथ ही उन्होंने वृद्धाश्रम संचालित करने वाली संस्था पर भी गंभीर आरोप लगाए। विधायक ने दावा किया कि संस्था के कर्मचारी बुजुर्गों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट करते हैं। वहीं शौचालयों की नियमित सफाई भी नहीं की जाती।
विधायक ने कहा कि इस तरह बुजुर्गों के साथ व्यवहार करने वाली संस्थाओं के लाइसेंस रद्द किए जाने चाहिए। उन्होंने इस संबंध में केंद्र और राज्य सरकार से कार्रवाई करने की मांग उठाने की बात कही है। दूसरी ओर मकान मालिक भारती मंडल ने अपनी सफाई में कहा कि किराये के समझौते की अवधि समाप्त होने के बाद भी संस्था मकान खाली नहीं कर रही है। लंबे समय से किराया बकाया है। भुगतान नहीं मिलने के कारण उन्हें मजबूर होकर ताला लगाना पड़ा। हालांकि विधायक के हस्तक्षेप के बाद उन्होंने बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने का आश्वासन दिया।
वहीं स्वयंसेवी संस्था ने मकान मालिक के आरोपों को निराधार बताते हुए पलटवार किया है। संस्था की ओर से शांतिराम राय ने कहा कि लगाए जा रहे आरोप झूठे हैं। उनके पास सभी संबंधित दस्तावेज मौजूद हैं। उन्होंने मकान मालिक पर मनमानी करने का आरोप लगाया।
फिलहाल इस मामले में मकान मालिक और वृद्धाश्रम संचालित करने वाली संस्था के बीच विवाद गहराया हुआ है। एक तरफ किराया और मकान खाली कराने का विवाद है। वहीं दूसरी तरफ वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों की सुरक्षा, सुविधाओं और उनके साथ व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।