रानीगंज कोल ट्रेडर्स एसोसिएशन के वार्षिक समारोह में पहुंचे ईसीएल के सीएमडी

ईसीएल की उपलब्धियों पर डाला प्रकाश
रानीगंज कोल ट्रेडर्स एसोसिएशन के वार्षिक समारोह में पहुंचे ईसीएल के सीएमडी
Published on: 

विनोद, सन्मार्ग संवाददाता

रानीगंज : रविवार को रानीगंज शहर के स्पोर्ट्स असेंबली के सभाकक्ष में रानीगंज कोल ट्रेडर्स एसोसिएशन का वार्षिकोत्सव-2026 का आयोजन किया गया। इस आयोजन में रानीगंज, दुर्गापुर, आसनसोल, बराकर, कोलकाता, धनबाद समेत पूरे कोयलांचल-शिल्पांचल से 150 प्रतिनिधि उपस्थित हुए। रानीगंज कोल ट्रेडर्स एसोसिएशन के इस वार्षिक समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कोल इंडिया की इकाई ईसीएल अर्थात ईस्टर्न कोलफिल्डस लिमिटेड के सीएमडी सतीश झां, पंजाबी मोड़ पुलिस फांड़ी के प्रभारी नजमूल हुदा, एसोसिएशन के अध्यक्ष आदित्य सिंह, सचिव पीयूष चौधरी मंचासीन थे। इसके अलावा एसोसिएशन के एडवाइजर सतीश खेमका, तुलसी यादव, रमेश यादव, संजय तोदी, गुरुराज सिंह समेत एसोसिएशन के गणमान्य सदस्य उपस्थित थे। मूलतः पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद राज्य में आयी बीजेपी सरकार कटमनी, सिंडिकेट के खिलाफ जीरो टाॅलरेंस की नीति अपनाते हुए काम कर रही है। इसी बात को विश्वास में लेते हुए रानीगंज के डीओ व्यापारियों ने एक संगठन बनाया और इस संगठन को सामने रखकर डीओ कोयला लोडिंग में हो रहे धांधली, सिंडिकेट के खिलाफ आवाज उठायी। जिला प्रशासन और ईसीएल प्रबंधन भी डीओ कोयला व्यापारियों के इस प्रतिवाद का कानूनी ढंग से समर्थन किया। इस तरह कोयला के डीओ व्यापारियों के लिए सक्रिय भूमिका में आया रानीगंज कोल ट्रेडर्स एसोसिएशन। वार्षिक समारोह के मौके पर उपस्थित सीएमडी सतीश झा को स्पोर्ट्स एसेम्बली के पूर्व अध्यक्ष सतीश खेमका ने क्लब का अवलोकन करवाया। बैंडमिंटन कोट से लेकर स्विमिंग पुल, जिम एवं सदस्यों के लिए उपलब्ध होने वाली अन्य सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी। सीएमडी सतीश झा ने कहा कि रानीगंज जैसे एक ब्लाॅक लेवल टाउन में एक छत के नीचे सभी सुविधाओं से लैश क्लब का होना अपने आप में एक गर्व की बात है। क्लब का अवलोकन करने के पश्चात एसोसिएशन के वार्षिक समारोह का उद्घाटन सीएमडी सतीश झा ने द्वीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर उपस्थित प्रतिनिधियों को संबंधित करते हुए ईसीएल के सीएमडी सतीश झा ने कहा कि पावर प्लांट के लिए अभी भी ऊर्जा का मूल स्त्रोत नॉन कोकिंग कोल ही है। भले इसकी डिमांड थर्मल पावर स्टेशनों में कभी कम-कभी ज्यादा होती है। परन्तु इसकी आवश्यकता बनी रहती है। हालांकि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का कहना है कि वातावरण को स्वच्छ करने के लिए कोयला के अलावा भी ऊर्जा के अन्य स्त्रोत को विकसित करना है और उसको उपयोग में लाना है। सीएमडी सतीश झा ने इस बात को दोहराया कि देश में सबसे पहले कोयला उत्खनन वर्ष 1774 में रानीगंज में हुआ था। देश के उर्जा के रुप में कोयला का बहुत बड़ा महत्व है और इसका खनन सही तरीके से हो, इसीलिए वर्ष 1975 में कोयला का राष्ट्रीयकरण किया गया। वर्ष 1975 में रानीगंज कोयलांचल में 414 कोयला खदाने थी और उत्पादन क्षमता 23 मिलियन टन थी और समय के साथ-साथ उत्पादन क्षमता में भी वृद्धि हुयी। रानीगंज कोयला ट्रेड एसोसिएशन के अध्यक्ष आदित्य सिंह व सलाहकार सतीश खेमका ने कार्यक्रम को लेकर मीडिया को संबंधित करते हुए कहा कि यह कोई व्यावसायिक बैठक नहीं थी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News