इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : दुर्गापुर में शनिवार की सुबह एक महिला का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। इस दौरान घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा और मामले की जांच में जुट गई। वहीं घर के दरवाजे पर एक महिला का शव पड़ा मिला। आखिर महिला की मौत कैसे हुई और उसका शव दूसरे के घर की चौखट तक कैसे पहुंचा, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। यह घटना कोकोवेन थाना क्षेत्र के सागरभांगा गोपीनाथपुर गांव के तांतीपाड़ा की है।
आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि शनिवार सुबह तांतीपाड़ा निवासी शंभूनाथ घोष सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहा था। वहीं घर में प्रवेश करने के दौरान उसकी नजर दरवाजे के सामने पड़े एक महिला के शव पर पड़ी। यह देखकर वह हैरान रह गया। वहीं कुछ ही देर में घटना की खबर पूरे इलाके में फैल गई। इसके बाद कोकोवेन थाना की पुलिस को सूचना दी गई। खबर मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में विवाहेतर संबंध के पहलू को भी ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है। हालांकि, महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव शंभूनाथ घोष के घर के सामने किसने रखा, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। इस मामले में कोकोवेन थाना की पुलिस ने अब तक एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं पुलिस की मानें तो जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। सूत्रों के अनुसार महिला रानीगंज की रहने वाली थी। आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।