

एसपी, सन्मार्ग संवाददाता
कुल्टी : नागरिकों के दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने एवं क़ानूनी अधिकार को लेकर कुल्टी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुकान्त दास के नेतृत्व में कुल्टी थाना प्रभारी को एक ज्ञापन सौंपा गया। इस संबंध में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष सुकान्त दास ने कहा कि इस आवेदन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में नागरिकों के विभिन्न व्यक्तिगत दस्तावेजों के सत्यापन एवं संग्रह की प्रक्रिया के वास्तविक उद्देश्य, कानूनी आधार, सरकारी अनुमति तथा निर्धारित प्रशासनिक प्रक्रिया के संबंध में स्पष्ट जानकारी प्राप्त करना है।
उन्होंने कहा कि दस्तावेजों का यह सत्यापन, मतदाता सूची संशोधन से संबंधित प्रक्रिया प्रशासनिक कार्रवाई का हिस्सा है। साथ ही यह भी स्पष्ट करने की मांग की गई है कि नागरिकों से मूल दस्तावेज जमा लिए जा रहे हैं या केवल दस्तावेज दिखाकर उनका सत्यापन किया जा रहा है। यदि किसी नागरिक का मूल दस्तावेज जमा लिया जाता है, तो उसकी उचित रसीद देने तथा बाद में उसे वापस करने की निर्धारित प्रक्रिया क्या है, इस संबंध में भी लिखित जानकारी की मांग की गयी है। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करना हमारा उद्देश्य नहीं है। हमारी मांग केवल इतनी है कि प्रत्येक सरकारी कार्य कानून के दायरे में, पूरी पारदर्शिता के साथ तथा आम नागरिकों के अधिकारों और सम्मान को सुरक्षित रखते हुए किया जाए।
नागरिकों के अधिकारों की रक्षा, प्रशासनिक पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना के लिए कुल्टी ब्लॉक कांग्रेस हमेशा आवाज बुलंद करती रहेगी। इस अवसर पर कुल्टी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुकांत दास, सुप्रभात बनर्जी, मानवेन्द्र बनर्जी, हसन इमाम खान, इम्तियाज खान, जाकिर हुसैन, एडवोकेट हमीद सिद्दीकी, विशाल चौधरी, बरखा पाल एवं वसीम अंसारी सहित पार्टी के कई प्रतिनिधि उपस्थित थे।