1000 वर्ष प्राचीन सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के मूल खंडों के दर्शन को उमड़ी भक्तों की भीड़

रानीगंज के श्री श्याम मंदिर में आयोजित हुआ कार्यक्रम
1000 वर्ष प्राचीन सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के मूल खंडों के दर्शन को उमड़ी भक्तों की भीड़
Published on: 

विनोद, सन्मार्ग संवाददाता

रानीगंज : गुरुवार को रानीगंज के श्री श्याम मंदिर में भक्ति और आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के 1000 वर्ष प्राचीन मूल खंडों के दर्शन के लिए मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

दी आर्ट ऑफ लिविंग और चैतन्य धर्म संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस विशेष दर्शन कार्यक्रम में रानीगंज शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु रानीगंज श्री श्याम मंदिर पहुंचे। इस बारे में स्वामी श्री श्रद्धा नंद जी ने बताया कि इन मूल खंडों को महमूद गजनवी के आक्रमण में नष्ट कर दिया गया था और जिन्हें अग्निहोत्री ब्राह्मण परिवारों ने पीढ़ी-दर-पीढ़ी गुप्त रूप से सुरक्षित रखा था। अब इन्हें गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर जी को सौंपा गया है, जिनके माध्यम से आम भक्तों को इन दुर्लभ खंडों के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। भक्तों ने पंक्ति में लगकर सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दिव्य स्वरूप के दर्शन किए। मंदिर में शिवलिंग की विशेष पूजा, पुष्प सज्जा और दीप प्रज्वलन से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।

इस दिन के विशेष दर्शन कार्यक्रम में आयोजकों में कौशल सिंह, प्रियंका डालाल और विकास खेतान सहित दी आर्ट ऑफ लिविंग के कई सदस्य व्यवस्था संभालते नजर आए। वहीं इस अवसर पर श्री श्याम मंदिर की ओर से पवन केजरीवाल, बिनोद बंसल, अरुण राजपुरिया सहित श्री श्याम बाल मंडल टीम के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News