

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : सेल-इस्को इस्पात संयंत्र (आईएसपी) बर्नपुर में सेंट्रल वेज लागू करने को लेकर ठेकेदारों और प्रबंधन के बीच हुई बैठक के बाद ठेकेदारों ने अपनी चिंता खुलकर जाहिर की है। बर्नपुर कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी सुभोदीप ठाकुर ने कहा कि ठेकेदार भी चाहते हैं कि सेंट्रल वेज लागू हो, लेकिन कंपनी को इसके लिए ठेकेदारों को उचित कमीशन और मुआवजा देना होगा। उन्होंने बताया कि पिछले शनिवार को आईएसपी मैनेजमेंट ने ठेकेदारों को बैठक के लिए बुलाया था। बैठक में सेंट्रल वेज को लेकर चर्चा हुई। प्रबंधन और ठेकेदार दोनों ही इसे लागू करने के पक्ष में हैं, क्योंकि इससे श्रमिकों का भला होगा। वहीं ठेकेदारों का कहना है कि वे बहुत ही कम कमीशन पर काम कर रहे हैं। उनका रेट पहले से ही बहुत टाइट है। ऐसे में बढ़ी हुई मजदूरी का भुगतान बिना मुआवजे के करना उनके लिए संभव नहीं है। प्रबंधन ने कहा है कि नवंबर महीने का पेमेंट दिसंबर में सेंट्रल वेज के हिसाब से किया जाए। ठेकेदारों का कहना है कि इतनी जल्दी यह करना उनके लिए बहुत मुश्किल है, क्योंकि उनके पास उतना पैसा ही नहीं है। शुभोदीप ठाकुर ने कहा के वे चाहते हैं कि कंपनी हमें बराबर मुआवजा दे, ताकि हम वर्कर को जल्दी से जल्दी पेमेंट कर पाएं। अगर हमें मुआवजा नहीं दिया गया, तो हम काम नहीं कर पाएंगे और अंत में वर्कर ही परेशान होंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय पर मुआवजा नहीं मिला, तो ठेकेदार मजबूरन अगला पेमेंट रोक देंगे। इससे सैकड़ों ठेका श्रमिक प्रभावित होंगे। इस मौके पर बर्नपुर कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन के चेयरमैन पीके ठाकुर, मदन जयसवाल, तापस बनर्जी,मुन्ना यादव, मोहम्मद अजहरुद्दीन, बप्पा मुखर्जी, प्रदीप राय, सुकुमार चक्रवर्ती, कौशिक मुखर्जी एवं अन्य ठेकेदार मौजूद थे।
ठेका श्रमिकों की मजदूरी में बड़ी बढ़ोतरी : सेल-इस्को इस्पात संयंत्र में ठेका श्रमिकों पर अब सेंट्रल वेज लागू हो गया है। इससे श्रमिकों की मासिक मजदूरी में 4,630 से 9,492 रुपये तक की बढ़ोतरी होगी। अनस्किल्ड : पहले 13,674 रुपये, अब 18,304 रुपये , सेमी स्किल्ड :पहले 14,722 रुपये, अब 20,644 रुपये , स्किल्ड : पहले 15,865 रुपये, अब 24,258 रुपये , हाईली स्किल्ड : पहले 17,121 रुपये, अब 26,624 रुपये ,वॉच एंड वार्ड में बिना गन 24,258 और गन के साथ 26,624 रुपये मिलेगा। ठेकेदारों ने कहा, बढ़ोतरी अच्छी है, लेकिन कंपनी जल्द मुआवजा दे ताकि समय पर भुगतान हो सके।