

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : स्वच्छ और सुंदर आसनसोल बनाने के लक्ष्य के साथ आसनसोल नगर निगम की ओर से स्वनिधि महोत्सव के अवसर पर विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में आम लोगों ने स्वेच्छा से बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।।सुबह से ही निगम के कर्मचारी, स्वयंसेवक और स्थानीय नागरिक हाथों में झाड़ू लेकर सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई में जुट गए। लोगों ने कचरा उठाया, प्लास्टिक हटाया और आसपास के इलाकों को साफ-सुथरा बनाने का संकल्प लिया। मौके पर आसनसोल नगर निगम के प्रशासक और आयुक्त दिलीप मिश्रा ने स्वच्छता अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना सिर्फ निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए सभी नागरिकों से सक्रिय भागीदारी और सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर हर व्यक्ति अपने घर के आसपास सफाई का ध्यान रखे और कचरा सही जगह पर डाले, तो आसनसोल को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल किया जा सकता है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी स्वच्छ आसनसोल बनाने का संकल्प लिया। लोगों का कहना था कि इस तरह के अभियान से लोगों में जागरूकता बढ़ती है। इस मौके पर बोरो -7 के असिस्टेंट इंजीनियर बापी सिंहा, भाजपा राज्य कार्यकारणी सदस्य पवन कुमार सिंह, मंडल -1 अध्यक्ष सोमनाथ मंडल, मंडल -2 अध्यक्ष रामानंद साह, पंकज दास, बृजेश वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे।