चोरी की जांच के नाम पर पुलिस पर मारपीट व धमकाने का आरोप

पथावरोध कर जताया विरोध
विरोध करते ग्रामीण
विरोध करते ग्रामीण
Published on: 

जितेंद्र, सन्मार्ग संवाददाता

सालानपुर : चोरी की एक घटना की जांच को लेकर सालानपुर थाना क्षेत्र के शिरीषबेरिया गांव में पुलिस और ग्रामीणों के बीच तनाव गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस पर पूछताछ के नाम पर मारपीट करने, महिलाओं को डराने-धमकाने और निर्दोष लोगों को बेवजह परेशान करने का गंभीर आरोप लगाया है। कथित पुलिस उत्पीड़न से नाराज बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सालानपुर थाना पहुंच पुलिस की कार्यशैली के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी के समक्ष अपनी शिकायत रखते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और पुलिस कर्मियों के व्यवहार पर नियंत्रण रखने की मांग की। स्थानीय सूत्रों के अनुसार शिबू मुखर्जी ने सालानपुर थाना में अपने घर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि उनके घर से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद के अलावा सोने-चांदी के कई आभूषण चोरी हो गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और गांव के कुछ लोगों से पूछताछ की। जांच की इसी प्रक्रिया को लेकर अब विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने पूछताछ के लिए हबीब शेख और जमसुद्दीन शेख को हिरासत में लिया था। इस दौरान दोनों के साथ थाने में मारपीट की गई और बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। ग्रामीणों के मुताबिक, इसके बाद पुलिस ने गांव की निवासी पूर्णिमा बाउरी को पूछताछ के लिए बुलाया। पूर्णिमा पहले शिकायतकर्ता के घर में काम करती थी। आरोप है कि पूछताछ के दौरान उसे डराया-धमकाया गया तथा परिवार के अन्य सदस्यों को भी हिरासत में लेने की चेतावनी दी गई।ग्रामीणों का कहना है कि चोरी की घटना की जांच करना पुलिस का दायित्व है और वे भी चाहते हैं कि चोरी में शामिल वास्तविक आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। लेकिन जांच के नाम पर किसी को मारना-पीटना, भयभीत करना अथवा परिवार के सदस्यों को धमकाना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News