

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : आसनसोल साउथ मंडल-2 किसान मोर्चा की ओर से बर्नपुर बारी मैदान में भाई फोटा का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में बहनों ने अपने भाइयों को फोटा लगाकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूरा बारी मैदान मोड़ भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की मिठास और उत्साह से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुई। बहनों ने थाली में चंदन, फूल, दही, मिठाई और दीप सजाकर भाइयों का तिलक किया। भाइयों को फोटा लगाने के बाद बहनों ने उन्हें मिठाई खिलाई और भाइयों ने बहनों को उपहार देकर हमेशा रक्षा करने का वचन दिया। किसान मोर्चा के अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने कहा कि भाई फोटा केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। आगे कहा कि बर्नपुर में विधायक अग्निमित्रा पॉल के द्वारा शुरू की गई इस परंपरा को आगे बढ़ाना हम सबकी जिम्मेदारी है। इस तरह के सामूहिक आयोजन से समाज में एकता और भाईचारा बढ़ता है। आयोजन को सफल बनाने में मंडल के सभी कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। वहीं मौजूद महिलाओं ने किसान मोर्चा के इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर इस तरह के सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज को जोड़ने का काम करते हैं। इस मौके पर महिला मोर्चा अध्यक्ष कृष्णा वर्मा, हैदर मंडल, सैयद आफताब आलम, गुरदयाल सिंह, मंजू प्रसाद, सुमन देवी सिंह, बाबू मित्रा, मिस्टू विश्वास, रूबी गुप्ता, भोला ठाकुर, राजेंद्र शर्मा, चंदन साव सहित भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।