बर्नपुर के नरसिंहबांध कलाली में आबकारी विभाग का बड़ा छापा

एक गाड़ी भरकर शराब जब्त/ कलाली सील
शराब का बॉक्स गाड़ी में जमा करते आबकारी विभाग के अधिकारी
शराब का बॉक्स गाड़ी में जमा करते आबकारी विभाग के अधिकारी
Published on: 

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

बर्नपुर : हीरापुर थाना क्षेत्र के बर्नपुर के नरसिंहबांध इलाके में शनिवार को आबकारी विभाग ने एक लाइसेंस प्राप्त शराब दुकान (कलाली) पर बड़ा छापा मारा। इस छापे को लेकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। करीब 6 घंटे से ज्यादा चली इस कार्रवाई में एक गाड़ी भरकर शराब की पेटियां और बोतलें जब्त की गईं और दुकान को सील कर दिया गया। जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग के अधिकारी पैदल ही इलाके में पहुंचे। ताकि पहले से खबर मिलने पर कोई भाग न सके, इसलिए गाड़ियों को दूर खड़ा कर अधिकारियों ने पैदल ही अभियान शुरू किया। इसके बाद कलाली के अंदर घुसकर तलाशी शुरू की और मालिक सहित 4 कर्मचारी को हिरासत में लिया।

नकली शराब पैकेजिंग का आरोप : स्थानीय लोगों का आरोप है कि वहां नकली शराब की पैकेजिंग का काम चल रहा था। काफी दिनों से उस दुकान को लेकर नकली शराब बनाने की शिकायतें उठ रही थीं। इलाके के लोगों का दावा है कि लाइसेंस प्राप्त दुकान की आड़ में रात के अंधेरे में नकली शराब बनाकर उसे अलग-अलग जगहों पर सप्लाई किया जाता था। काली पूजा और दीपावली के सीजन में शराब की मांग बढ़ने से यह गिरोह और भी ज्यादा सक्रिय हो गया था।

आबकारी विभाग के 5 गाड़िया मौके पर पहुंची: अभियान में आबकारी विभाग के करीब 20-25 अधिकारी पांच गाड़ियों में आए थे। तलाशी के दौरान दुकान के अंदर से बड़ी संख्या में खाली बोतलें, नकली लेबल, ढक्कन, सील लगाने की मशीन और पैकेजिंग का सामान बरामद हुआ। इसके अलावा कुछ ऐसी बोतलें भी मिलीं, जिनमें पहले से ही नकली शराब भरकर पैक किया गया था। सभी सामानों को जब्त कर जांच के लिए लैब में भेजा जा रहा है। अधिकारियों को शक है कि यहां से नकली शराब सिर्फ बर्नपुर ही नहीं, बल्कि आसनसोल, हीरापुर, कुल्टी और आसपास के कई इलाकों में सप्लाई की जाती थी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News