मां काली की प्रतिमा से लिपटकर फफक-फफक कर रोए TMC सांसद

भक्ति,शक्ति और शांति की प्रार्थना
मां काली की प्रतिमा को पकड़कर रोते सांसद कल्याण बनर्जी
मां काली की प्रतिमा को पकड़कर रोते सांसद कल्याण बनर्जी
Published on: 

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा:' जो दानव पिछले 6 महीनों से राज्य की शांति छीन रहे हैं, मां, उन दानवों का वध कर देना।' यह प्रार्थना करते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद कल्याण बनर्जी अपने घर में स्थापित मां काली की प्रतिमा से लिपटकर फूट-फूटकर रो पड़े।

तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी हर साल नियम के मुताबिक बांकुड़ा शहर के डोलतला स्थित अपने पैतृक घर की काली पूजा में शामिल होते हैं। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद भी इस परंपरा में कोई बदलाव नहीं आया है। इस बार भी वह अपनी पारिवारिक काली पूजा में शामिल होने पहुंचे थे। कल रात एक दौर की आरती के बाद, आज दोपहर उन्होंने घर के मंदिर में दोबारा विशेष पूजा-अर्चना की और अपने हाथों से देवी की आरती उतारी। आरती के दौरान सांसद अत्यधिक भावुक हो गए और देवी प्रतिमा को गले लगाकर फफक-फफक कर रोने लगे।

'बंगाल की जनता की स्थिति ठीक नहीं'

पूजा के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कल्याण बनर्जी ने कहा कि उन्होंने मां से भक्ति, शक्ति और शांति की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा, 'बंगाल की जनता की स्थिति ठीक नहीं है। मैंने मां से जनता की सुख-शांति की प्रार्थना की है।'

सांसद ने कहा, 'ऊपर एक पापी बैठा हुआ है। उसी के कारण दुर्गा पूजा के दौरान 19 लोगों की मौत हो गई। ये दानव कह रहे थे कि वे पूजा नहीं करने देंगे। इन दानवों ने धमकी दी थी कि अगर मैं किसी पूजा पंडाल में गया तो मुझे गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूजा नहीं करने दी जाएगी। इसके बावजूद, मां की कृपा और इच्छा से मैंने पूजा संपन्न की। मां इन सभी दानवों को उचित सजा दे।' एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई पर कड़ा रुख

एनकाउंटर के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने इसे 'मध्ययुगीन बर्बरता' करार दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुष्कर्मियों के प्रति उन्हें कोई सहानुभूति नहीं है, लेकिन इस तरह के एनकाउंटर स्वीकार्य नहीं हैं। यह मानवाधिकार ही नहीं, बल्कि कानून का भी खुला उल्लंघन है। इसके साथ ही उन्होंने गरीबों के घरों पर चलाए जा रहे बुलडोजर एक्शन की भी कड़ी आलोचना की।

उत्तर प्रदेश की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए कल्याण बनर्जी ने दावा किया कि रामलीला मैदान में विरोधियों की रैली में उमड़ी स्वतःस्फूर्त भीड़ ने यह स्पष्ट कर दिया है कि 2027 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की विदाई तय है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News