

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: जिले में सड़कों पर बढ़ते ट्रैफिक लोड, आए दिन लगने वाले जाम और हादसों पर लगाम कसने के लिए बांकुड़ा जिला प्रशासन और पुलिस ने कमर कस ली है। खासकर दुर्गापुर बैराज और बड़जोड़ा मोड़ जैसे व्यस्त इलाकों में यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने एक विस्तृत एक्शन प्लान तैयार किया है। इस संबंध में जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) कार्यालय सभागार में एक हाईलेवल समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डीएम अनीश दासगुप्ता और एसपी पी.वी.जी. सतीश के अलावा एडिशनल एसपी, एडीएम (लैंड रेवेन्यू), डीएसपी (ट्रैफिक), डीएसपी (डीईबी) सहित सिंचाई विभाग और पीडब्ल्यूडी (PWD) के आला अधिकारी मौजूद रहे। इसके साथ ही औद्योगिक गतिविधियों और व्यापारिक वाहनों के मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए 'पश्चिमांचल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज' के प्रतिनिधियों को भी चर्चा में शामिल किया गया।
जमीन पर दिखेंगे ये बड़े बदलाव
ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था:
आपातकालीन सेवाओं, विशेषकर एम्बुलेंस की निर्बाध आवाजाही के लिए समर्पित ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा, ताकि मरीजों को जाम में न फंसना पड़े।
नए सिग्नल और यू-टर्न: बड़जोड़ा मोड़ पर नए ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे। इसके अलावा वाहनों के सुचारू प्रवाह के लिए वैकल्पिक मार्गों और वैज्ञानिक तरीके से यू-टर्न की व्यवस्था की जाएगी।
त्वरित राहत के लिए रिकवरी वैन: मार्ग पर किसी वाहन के खराब होने या दुर्घटनाग्रस्त होने की स्थिति में तत्काल रास्ता साफ करने के लिए क्रेन/रिकवरी वैन तैनात रहेंगी।
अतिक्रमण पर प्रहार: सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों और रुकावटों को चिन्हित कर जल्द ही अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा।
क्या कहते हैं अधिकारी-
जिलाधिकारी अनीश दासगुप्ता व पुलिस अधीक्षक पी वी जी सतीश ने दो टूक कहा कि आम नागरिकों का सफर सुरक्षित बनाना और जाम की समस्या को जड़ से खत्म करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस, प्रशासन और तकनीकी विभागों के बीच जमीनी स्तर पर सटीक तालमेल बनाकर कार्ययोजना को शीघ्र लागू किया जाएगा।