

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: जिले की जयपुर थाना की पुलिस ने TMC के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष यामीन शेख को एक खूनी संघर्ष और हिंसा की घटना में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया है। कभी इलाके में 'दबंग' नेता के रूप में अपनी धाक रखने वाले यामीन को पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद रविवार को विष्णुपुर महकमा अदालत में पेश किया। बांकुड़ा के जयपुर इलाके में यामीन शेख लंबे समय तक तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष रहे हैं और इस क्षेत्र में उनका भारी दबदबा रहा है।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा विवाद 2 नवंबर को जयपुर ब्लॉक के भूरकुंडा गांव में स्थित एक बालू खदान पर काम करने को लेकर उपजा था।
शिकायतकर्ता पूर्ण मजूमदार के अनुसार, जब वे और अन्य ग्रामीण भुरकुंडा चर बालू खदान पर काम करने पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि सलीम शेख और अन्य चार लोग वहां पहले से मौजूद थे और जबरन खदान पर काम कर रहे थे। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया और उनसे सवाल किया, तो मामला हिंसक हो गया।
आरोप है कि सलीम शेख और यामिन शेख के नेतृत्व में आए उपद्रवियों ने ग्रामीणों पर अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने न केवल ग्रामीणों को बलपूर्वक बंधक बनाया, बल्कि जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों और चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए। इस भीषण हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ितों का आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घटनास्थल पर मचा शोर-शराबा सुनकर आसपास के अन्य ग्रामीण बचाव के लिए दौड़े, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत इलाज के लिए जयपुर बीपीएचसी (BPHC) पहुंचाया गया। हालांकि, घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बाद में विष्णुपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने दर्ज किए कई गंभीर मामले
इस मामले में पूर्ण मजूमदार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने यामीन शेख, सलीम शेख समेत करीब 42 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की थी। जयपुर थाने की पुलिस ने BNS 2023 की धारा 126(2), 115(2), 117(2), 118(2), 109(1), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी, जिसके बाद अब मुख्य अभियुक्त की गिरफ्तारी की गई है।