

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: कालीपूजा देखकर लौट रहे तीन दोस्तों की तेज रफ्तार बाइक एक बिजली के खंभे से जा टकराई। इस हादसे में तीनों की मौत हो गई। यह दुर्घटना बांकुड़ा जिले के इंदपुर थाना अंतर्गत जुनवेदिया इलाके में हुई। मृतकों की पहचान सुमन महतो, आकाश सिंह और सुमन कुमार चंद के रूप में हुई है, जिनकी उम्र महज 20 से 22 साल के बीच थी।
जानकारी के मुताबिक, ये तीनों युवक पुरुलिया जिले के मानबाजार इलाके के रहने वाले थे। सोमवार को वे बांकुड़ा में कालीपूजा देखने आए थे। सोमवार मध्यरात्रि को तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर मान बाजार लौट रहे थे।
अंधेरा और बेकाबू रफ्तार बनी काल !
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि रात के वक्त सड़क पर काफी अंधेरा था और शायद बाइक बेहद तेज रफ्तार में थी। जब वे इंदपुर इलाके के जूनबेदिया से गुजर रहे थे, तभी राइडर ने बाइक से नियंत्रण खो दिया और वाहन सीधे सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक छिटककर दूर जा गिरे। सबसे बड़ी लापरवाही यह रही कि दुर्घटना के वक्त उनमें से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था, जो उनकी जान बचाने में अहम साबित हो सकता था।
अस्पताल पहुंचने से पहले दो की सांसें थमीं
रात में अचानक हुए तेज धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर दौड़े और इंदपुर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को बांकुड़ा सम्मेलिनी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद सुमन महतो और सुमन कुमार चंद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीसरे युवक आकाश सिंह की सांसें चल रही थीं, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
गांव में पसरा मातम
पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार के सदस्य तुरंत पुरुलिया से बांकुड़ा अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हृदयविदारक हादसे से मृतकों के पैतृक गांवों और पूरे इलाके में मातम पसर गया है और परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।