देउली में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, 'एक टुकड़ा गुजरात' बना गांव

प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ के दर्शन को पहुंचे हजारों श्रद्धालु
आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से सोमनाथ महादेव के दर्शन और महापूजा का आयोजन
आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से सोमनाथ महादेव के दर्शन और महापूजा का आयोजन
Published on: 

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: जिले के गंगाजलघाटी ब्लॉक स्थित छोटे से गांव देउली का नजारा रविवार को पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। मौका था प्रथम ज्योतिर्लिंग श्री सोमनाथ के विशेष दर्शन और महापूजा का। आयोजन स्थल यानी गांव का फुटबॉल मैदान उस वक्त मानो 'एक टुकड़ा गुजरात' में तब्दील हो गया, जब महादेव के जयकारों के साथ हजारों की संख्या में शिव भक्त उमड़ पड़े।

दूरी, समय की कमी और यात्रा खर्च की वजह से जो श्रद्धालु गुजरात स्थित सोमनाथ धाम नहीं पहुंच पाते, उनके लिए यह आयोजन साक्षात महादेव के द्वार पहुंचने जैसा अनुभव रहा।

दोपहर से ही लगीं कतारें, शंखध्वनि से गूंजा इलाका

दोपहर होते-होते देउली की ओर जाने वाली सड़कों पर श्रद्धालुओं का तांता लग गया। बांकुड़ा शहर के अलावा गंगाजलघाटी, मेजिया, सोनामूखी और बड़जोड़ा सहित आसपास के कई गांवों से लोग जत्थों में पहुंचे।

हाथों में पूजा की थाली, फूल, बेलपत्र और गंगाजल लिए 8 वर्ष के बच्चों से लेकर 80 वर्ष के बुजुर्ग तक एक ही कतार में खड़े दिखे। कोई नंगे पांव कतार में अपनी बारी का इंतजार कर रहा था, तो कोई शंखनाद कर रहा था। पूरा परिसर "हर-हर महादेव" और "जय सोमनाथ" के जयघोष से गूंज उठा। महापूजा और भव्य आरती के बाद श्रद्धालुओं में महाप्रसाद का वितरण किया गया।

'द आर्ट ऑफ लिविंग' के तत्वावधान में हुआ आयोजन

गुजरात जाकर दर्शन करना हर ग्रामीण और सामान्य श्रद्धालु के लिए संभव नहीं होता। इसी को ध्यान में रखते हुए आध्यात्मिक संस्था 'द आर्ट ऑफ लिविंग' ने देउली गांव में इस विशेष दर्शन व महापूजा का बीड़ा उठाया। स्थानीय लोगों ने कहा कि गांव की धरती पर सोमनाथ महादेव की कृपा बरसना उनके लिए जीवन का अविस्मरणीय और सौभाग्यशाली क्षण है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News