भाजपा कार्यकर्ताओं के घरों में तोड़फोड़, लूटपाट और मारपीट

आरोप तृणमूल समर्थकों पर
तैनात पुलिस बल
तैनात पुलिस बल
Published on: 

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: बड़जोड़ा ब्लॉक अंतर्गत ताजपुर गांव से एक सनसनीखेज राजनीतिक हिंसा का मामला सामने आया है। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं के घरों में जमकर तोड़फोड़, मारपीट और पार्टी कार्यालय में आग लगाने की घटना घटी है। हमले का आरोप तृणमूल कांग्रेस समर्थकों पर है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को दुर्गापुर में आयोजित एक राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बांकुड़ा जिले के विभिन्न हिस्सों से भाजपा कार्यकर्ता रवाना हुए थे। इसी क्रम में बड़जोड़ा ब्लॉक के ताजपुर गांव से भी तीन बसों में सवार होकर भाजपा कार्यकर्ता दुर्गापुर गए थे।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब ये कार्यकर्ता वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हिंसक झड़प भड़क उठी।

भाजपा का आरोप: घरों में लूटपाट और कार्यालय में आगजनी

भाजपा नेता धनंजय गोराई ने कहा कि जब भाजपा कार्यकर्ता लौटकर अपने गांव पहुंचे, तो स्थानीय तृणमूल समर्थित उपद्रवियों ने ताजपुर गांव में भाजपा कार्यकर्ताओं के घरों पर अचानक धावा बोल दिया। घरों में जमकर तोड़फोड़ और कीमती सामानों की लूटपाट की गई। विरोध करने पर महिलाओं और परिजनों के साथ मारपीट की गई। इसके बाद उपद्रवियों ने स्थानीय भाजपा पार्टी कार्यालय को भी आग के हवाले कर दिया।

इस पूरी हिंसक झड़प में 5 से 6 भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तृणमूल कांग्रेस का पलटवार

दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस के नेता अमजद ने भाजपा द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुद ही यह उपद्रव मचाया है। दुर्गापुर से लौटने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने तृणमूल समर्थकों के घरों में तोड़फोड़ की और कई तृणमूल कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News