अभय, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : बाराबनी थाना पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान चलाकर अवैध कोयला लदे वाहन समेत 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया था। रिमांड पर लिए गए अभियुक्तों में बैदुल्लाह खान तथा माथुर रुइदास शामिल हैं। वहीं तलाशी के दौरान उनके पास से काफी मात्रा में अवैध कोयला भी बरामद किया गया था। इसके साथ ही उनके वाहन को भी जब्त कर लिया गया था। अभियुक्तों की रिमांड अवधि समाप्त होते ही उन्हें पुनः शुक्रवार को आसनसोल जिला अदालत के सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। मामले के जांच अधिकारी ने उक्त मामले पर कुछ अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी समेत मामले पर अपनी विशेष छानबीन करने का हवाला देते हुए अभियुक्तों में शामिल माथुर रुइदास को दोबारा पुलिस रिमांड पर लेने की अपील अदालत से की। अदालत ने उसे 3 दिनों की रिमांड पर पुलिस के साथ भेज दिया, जबकि अन्य अभियुक्त की जमानत अर्जी रद्दकर उसे अगली सुनवाई होने तक न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस के स्तर से मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से शहर की विभिन्न थाना पुलिस के स्तर से अवैध कोयला तथा बालू की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।