

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : सड़क सुरक्षा के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ युवाओं में खेलकूद और शारीरिक व्यायाम को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कांकसा में विशेष पहल की गई। इसी कड़ी में रोड सेफ्टी कम इंटर डिस्ट्रिक्ट इक्विप्ड एंड क्लासिक पावरलिफ्टिंग एंड बेंच प्रेस चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया गया। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में 6 जिलों के लगभग 700 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) और बर्दवान डिस्ट्रिक्ट फिजिकल कल्चर एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में कांकसा के राजबांध टोल प्लाजा के पास एनएचएआई कार्यालय परिसर में प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विभिन्न जिलों से पहुंचे पावर लिफ्टिंग और बेंच प्रेस के खिलाड़ी अपनी शारीरिक क्षमता, ताकत और खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।
शनिवार को प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेल आयोजन के साथ सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता रैली भी निकाली गई। इसमें एनएचएआई के अधिकारियों, विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों और प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। रैली के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने, सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया गया।
आयोजकों के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं की खेलकूद में रुचि को प्रोत्साहित करना, उन्हें नियमित व्यायाम के लिए प्रेरित करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक करना है। इसके साथ ही खेल प्रतियोगिता के माध्यम से सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषय को भी आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। वहीं खेल और सामाजिक जागरूकता के इस संयुक्त आयोजन से एक ओर जहां विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल, वहीं दूसरी ओर सड़क सुरक्षा का संदेश भी व्यापक स्तर पर पहुंच रहा है। प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र के खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।