सिदुली में भयावह भू-धंसान, देखते ही देखते ज़मीन में समा गया घर

छठ पर्व की खुशियों के बीच चतराबाद में पसरा सन्नाटा
भू धंसान की भेंट चढ़ा घर
भू धंसान की भेंट चढ़ा घर
Published on: 

संजय सन्मार्ग संवाददाता अंडाल: छठ पूजा की खुशियों और तैयारियों के बीच शनिवार को अंडाल थाना अंतर्गत सिदुली के चतराबाद भुइंया पाड़ा में अचानक हुए भीषण भू-धंसान से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते एक घर ज़मीन के अंदर समा गया। घर में रखा खाट, बिस्तर, टेलीविज़न, फर्नीचर से लेकर नकदी रुपये तक सब कुछ धरती के गर्भ में विलीन हो गया। गनीमत यह रही कि घर के मालिक और उनका पोता बाल-बाल बच गए, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था। अधिकारियों ने लिया जायजा, 30 मीटर गहरा हुआ पॉट हॉल

घटना की सूचना मिलते ही अंडाल थाना प्रभारी प्रीतम पाल, अन्य पुलिस अधिकारी तथा ईसीएल के अधिकारी व कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस की ओर से ड्रोन कैमरा के जरिये धंसान की गहराई की जांच की गई।

सिदुली ग्रुप ऑफ माइंस के अभिकर्ता पंकज वर्मा ने जानकारी दी कि ईसीएल की ज़मीन पर लगभग 5 मीटर के डायमीटर और करीब 30 मीटर गहरा 'पॉट हॉल' (Pot Hole) बना है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आसपास के लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, केंदा क्षेत्र के महाप्रबंधक (GM) दिनेश शर्मा ने बताया कि जिस जगह पर यह धंसान हुई है, वहां वर्ष 1962 से पहले कोयला खनन हुआ था। फिलहाल प्रभावित स्थल की बैरिकेडिंग कर घेराबंदी करा दी गई है। पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की जाएगी। पलभर में आंखों के सामने मलबे में बदला आशियाना

बताया जा रहा है कि रामा भुइंया अपने पोते के साथ घर पर थे, जबकि घर की मालकिन और अन्य सदस्य छठ पूजा का सामान खरीदने बाजार गए थे। मकान मालिक रामा भुइंया ने खौफनाक मंज़र को याद करते हुए बताया कि वह खाट पर लेटे हुए थे, तभी अचानक एक तेज और भयानक आवाज़ गूंजी। खतरे का अंदेशा होते ही उन्होंने बिना एक पल गंवाए अपने पोते को उठाया और तुरंत घर से बाहर भाग निकले। उनके बाहर निकलते ही आंखों के सामने उनके घर का एक कमरा धंसकर ज़मीन के अंदर चला गया।

स्थानीय निवासी कविता राय ने बताया कि यह सरकारी आवास योजना के तहत बना एक गरीब मजदूर परिवार का आशियाना था, जो उनकी जिंदगी भर की पूंजी थी। अब सिर से छत छिन चुकी है और छठ के मुहाने पर खड़ा यह परिवार गहरे संकट में है। अभी थमी नहीं थीं जहरीली गैस रिसाव की दहशत, भू-धंसान ने उड़ाई नींद

लोगों का कहना है कि बीते 5 अक्टूबर को सिदुली कोलियरी के जेके यूनिट में पानी भरने और जहरीली गैस रिसाव की घटना हुई थी। उस दहशत की यादें अभी मिटी भी नहीं थीं कि इस नई घटना ने लोगों की नींद उड़ा दी है। एटक नेता राजू राम ने बताया कि गनीमत थी कि परिवार के अन्य सदस्य बाजार गए थे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। इस विकट परिस्थिति में प्रभावित रामा भुइंया और गंगा भुइंया ने अपने भाइयों के घर पर ही छठ पूजा करने का निर्णय लिया है। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की प्रक्रिया को लेकर वार्ता जारी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News