ठेका मजदूरों का शोषण बर्दास्त नहीं : नरेंद्र सिंह

12वें वेतन समझौते के लिए जेबीसीसीआई गठन की मांग
कोयला कामगारों को संबोधित करते नरेंद्र सिंह
कोयला कामगारों को संबोधित करते नरेंद्र सिंह
Published on: 

संजय सन्मार्ग संवाददाता अंडाल: ईसीएल के काजोड़ा एरिया स्थित परासकोल ईस्ट कोलियरी परिसर में शनिवार को भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) ने गेट मीटिंग की। इस दौरान नेताओं ने ठेका श्रमिकों की बदहाली, उनके बुनियादी अधिकारों के हनन और कोयला कर्मियों के 12वें वेतन समझौते (NCWA-12) के लंबित होने पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।

गेट मीटिंग को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने प्रबंधन की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में नया श्रम संहिता लागू होने के बाद भी कोयला खदानों में कार्यरत ठेका श्रमिकों का शोषण बेरोकटोक जारी है। मजदूरों को सीएलसी (चीफ लेबर कमिश्नर) द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन और अनिवार्य सामाजिक सुरक्षा का लाभ तक नहीं मिल रहा है। बीएमएस अब यह मनमानी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा।

1 जुलाई से लंबित है NCWA-12, जल्द बने कमेटी

नरेंद्र सिंह ने कहा कि कोयला कामगारों का 12वां वेतन समझौता बीते 1 जुलाई से ही लंबित चल रहा है। इस संबंध में जेबीसीसीआई (JBCCI) के तत्काल गठन के लिए संगठन की ओर से कोल इंडिया चेयरमैन से लेकर केंद्रीय कोयला मंत्रालय तक को पत्र भेजा जा चुका है। यदि प्रबंधन ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

ये प्रमुख नेता रहे मौजूद

बैठक में बीएमएस जिला कमेटी सदस्य तापस घोष, काजोड़ा एरिया सचिव शंभूनाथ, शाखा अध्यक्ष भगवान दास, सचिव श्रीमंत चटर्जी, संजीव कुमार दास, राजू भुइयां सहित बड़ी संख्या में कामगार व ठेका मजदूर उपस्थित थे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News