भारत

समृद्धि एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, छह की मौत

एथेनॉल टैंकर पलटने के बाद कार से टक्कर

वर्धा - महाराष्ट्र के वर्धा जिले में मुंबई-नागपुर समृद्धि एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। विरुल गांव के पास तड़के करीब तीन बजे एथेनॉल से भरा एक कंटेनर ट्रक पलटने के बाद सड़क पर रुकी कार से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई और कार में सवार चार लोगों तथा ट्रक में सवार चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

पलटे ट्रक ने खड़ी कार को मारी टक्कर

पुलिस के अनुसार, एथेनॉल ले जा रहा कंटेनर ट्रक ‘इंटरचेंज आईसी-80’ के पास पलट गया था। दुर्घटना के कारण एक लेन बंद हो गई, जबकि दूसरी लेन से यातायात जारी था। इसी दौरान सड़क पर रुकी कार को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लगने से उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

बचाव अभियान में कई एजेंसियां जुटीं

घटना की सूचना मिलते ही राजमार्ग सुरक्षा गश्ती दल, वर्धा पुलिस, दमकल विभाग और महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने और शवों को बाहर निकालने के साथ यातायात बहाल करने का अभियान शुरू किया गया।

एथेनॉल होने से बढ़ी चुनौती

अधिकारियों ने बताया कि कंटेनर में अत्यधिक ज्वलनशील एथेनॉल भरा था। सुरक्षा कारणों से पहले टैंकर को खाली करना आवश्यक था, जिसके बाद उसे हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। पूरे अभियान के दौरान विशेष सावधानी बरती गई ताकि कोई और दुर्घटना न हो।

यातायात प्रभावित, वैकल्पिक मार्ग की सलाह

हादसे के बाद समृद्धि एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया। नागपुर से मुंबई जाने वाले वाहनों को कुछ घंटों तक वर्धा मार्ग से एक्सप्रेसवे का उपयोग नहीं करने और नागपुर-अमरावती राजमार्ग से यात्रा करने की सलाह दी गई। उल्लेखनीय है कि 701 किलोमीटर लंबे समृद्धि एक्सप्रेसवे पर वर्ष 2025 में 185 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं, जो 2024 की तुलना में लगभग 35 प्रतिशत अधिक हैं। अधिकारियों के अनुसार, सड़क सुरक्षा मजबूत करने और दुर्घटनाएं कम करने के लिए अत्याधुनिक यातायात प्रबंधन प्रणाली लागू की जा रही है।

SCROLL FOR NEXT