भारत

राजस्थान में फ्रिजिंग प्वाइंट के निकट पहुंचा तापमान, इस जगह रही सबसे अधिक ठंड

सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो फ्रीजिंग प्वाइंट के करीब ही है।

Narendra Kumar Singh

जयपुरः राजस्थान में शीत लहर चल रही है। कई जगहों पर तापमान फ्रीजिंग प्वाइंट के करीब पहुंच गया है। प्रदेश में मौसम पिछले 24 घंटों के दौरान शुष्क रहा और राज्य के कुछ स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छाया रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, इस अवधि में पूर्वी राजस्थान के कुछ स्थानों पर शीत दिवस और शीत लहर की स्थिति दर्ज की गई। सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो फ्रीजिंग प्वाइंट के करीब ही है। यहां से कुछ अधिक तापमान सीकर में 2.5 डिग्री सेल्सियस, लूणकरनसर में 2.8 डिग्री सेल्सियस, वनस्थली में चार डिग्री सेल्सियस और सिरोही, पाली एवं चूरू में 4.4 डिग्री दर्ज किया गया।

अधिकतर शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। राज्य की राजधानी जयपुर में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम केंद्र ने कहा, ''राज्य के कुछ हिस्सों में ठंड की स्थिति बनी रहने की संभावना है, वहीं सुबह कुछ स्थानों पर कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित हो सकती है।''

SCROLL FOR NEXT