नई दिल्ली : कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ के भारत में प्रकाशन को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति अब खत्म हो गई है। HarperCollins India ने शुक्रवार को घोषणा की कि वह सोनिया गांधी की इस किताब को भारत में प्रकाशित करेगा। किताब 10 नवंबर 2026 को रिलीज की जाएगी।
इससे पहले इस आत्मकथा के भारतीय प्रकाशन की जिम्मेदारी Penguin Random House India (PRHI) के पास थी। हालांकि, पिछले सप्ताह पेंगुइन ने स्पष्ट किया था कि वह भारत में ‘Belonging’ का प्रकाशक नहीं है।
कंपनी ने उन खबरों को भी खारिज किया था कि उसने सोनिया गांधी द्वारा संपादकीय बदलावों को स्वीकार नहीं करने के कारण किताब प्रकाशित करने से कदम पीछे खींचे।
प्रेम, पहचान और कर्तव्य के इर्द-गिर्द है कहानी
HarperCollins India ने सोशल मीडिया पर किताब की घोषणा करते हुए इसे सबसे बहुप्रतीक्षित राजनीतिक संस्मरणों में से एक बताया। प्रकाशक के मुताबिक, ‘Belonging’ प्रेम, पहचान, कर्तव्य और अपनेपन की बेहद व्यक्तिगत कहानी है और इसमें भारत की यात्रा को एक दुर्लभ अंदरूनी नजरिए से देखने का अवसर मिलेगा।
बताया जा रहा है कि आत्मकथा में सोनिया गांधी के इटली में बचपन, राजीव गांधी से मुलाकात और विवाह, गांधी परिवार का हिस्सा बनने तथा भारतीय राजनीति में उनके प्रवेश जैसे महत्वपूर्ण पड़ावों पर प्रकाश डाला गया है। उनके जीवन में आए बड़े व्यक्तिगत आघातों और भारत के साथ उनके रिश्ते को भी किताब में प्रमुखता मिलने की उम्मीद है।
पेंगुइन से विवाद के बाद बढ़ी किताब को लेकर उत्सुकता
पेंगुइन के साथ प्रकाशन व्यवस्था खत्म होने के बाद किताब को लेकर राजनीतिक और साहित्यिक हलकों में चर्चा और तेज हो गई थी। रिपोर्टों में पांडुलिपि के कुछ राजनीतिक हिस्सों को लेकर संपादकीय मतभेद की बात सामने आई थी।
हालांकि, Penguin Random House India ने किसी बाहरी दबाव की बात से इनकार करते हुए कहा था कि प्रकाशन प्रक्रिया में तथ्य-जांच और संपादकीय सुझाव सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हैं। अब HarperCollins India के प्रकाशक बनने के साथ किताब की भारत में रिलीज का रास्ता साफ हो गया है।
10 नवंबर 2026 को इसके प्रकाशन का इंतजार राजनीतिक और साहित्यिक दोनों क्षेत्रों में किया जा रहा है।