''महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता'' पर जागरूकता सत्र का आयोजन विनोद, सन्मार्ग संवाददाता रानीगंज : रानीगंज चेम्बर ऑफ कॉमर्स की लेडीज विंग और यशोदा हॉस्पिटल्स (हैदराबाद) के संयुक्त तत्वावधान में विशेष स्वास्थ्य जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। रानीगंज चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सभाकक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य विषय ''''महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता'''' था। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में हैदराबाद से पधारीं प्रसिद्ध स्त्री रोग एवं लैप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. जी. साईं सुधा उपस्थित रहीं। सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता डॉ. जी साईं सुधा ने कहा कि महिलाओं का उत्तम स्वास्थ्य पूरे परिवार और समाज की नींव है। व्यस्त दिनचर्या में महिलाएं अक्सर अपने स्वास्थ्य और स्वच्छता की उपेक्षा कर देती हैं, जो आगे चलकर गंभीर बीमारियों का कारण बनता है। सही समय पर स्वास्थ्य जांच, सही पोषण और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूकता ही कई गंभीर शारीरिक समस्याओं से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। वहीं, रानीगंज चेम्बर ऑफ कॉमर्स की लेडीज विंग की चेयरपर्सन वाणी खेतान ने कहा कि हमारा उद्देश्य समाज की महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है। ऐसे सत्रों के माध्यम से हम महिलाओं को अपनी स्वास्थ्य समस्याओं पर खुलकर चर्चा करने और सही डॉक्टरी सलाह लेने का मंच प्रदान करते हैं। इस सत्र के दौरान उपस्थित महिलाओं ने विशेषज्ञ चिकित्सक से स्वास्थ्य संबंधी सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।