IRCTC ने रचा नया रिकॉर्ड 
भारत

एक दिन में बुक हुए 20 लाख से ज्यादा रेल टिकट

IRCTC ने रचा नया रिकॉर्ड

Ravi

नई दिल्ली: त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले रेलवे यात्रियों की बढ़ती मांग के बीच इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग का नया रिकॉर्ड बनाया है।

7 सितंबर 2026 को IRCTC ने एक ही दिन में 20,06,353 रेल टिकट बुक किए। नवरात्रि, दिवाली और छठ को लेकर एडवांस रिजर्वेशन में तेजी के कारण अगले दिन भी 19.5 लाख से अधिक टिकटों की बुकिंग हुई।

1.74 करोड़ लॉगिन के बावजूद सिस्टम रहा सुचारु

त्योहारों के लिए टिकट खुलने के दौरान वेबसाइट पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। पीक समय में NGeT (नेक्स्ट जेनरेशन ई-टिकटिंग) प्लेटफॉर्म पर करीब 1.74 करोड़ लॉगिन दर्ज किए गए।

इसके बावजूद सिस्टम ने इतनी बड़ी संख्या में एक साथ आए यूजर्स को संभाला और बुकिंग प्रक्रिया बाधित नहीं हुई। फिलहाल देश में बुक होने वाले कुल रेल टिकटों में लगभग 89 प्रतिशत टिकट ऑनलाइन माध्यम से खरीदे जाते हैं।

सर्वर क्षमता बढ़ी, नया इंटरफेस भी आया

IRCTC ने बढ़ते डिजिटल ट्रैफिक को देखते हुए अपने पुराने हार्डवेयर को अपग्रेड किया और सिस्टम आर्किटेक्चर में बदलाव करते हुए सर्वर क्षमता दोगुनी कर दी। जुलाई 2026 में वेबसाइट का नया बीटा यूजर इंटरफेस भी पेश किया गया।

इसमें स्लीपर, एसी थ्री टियर और एसी टू टियर जैसी श्रेणियों में सीट उपलब्धता को एक ही स्क्रीन पर देखने की सुविधा दी गई है। इससे यात्रियों को विकल्पों की तुलना कर बुकिंग करने में आसानी होती है।

बॉट ट्रैफिक में 65 प्रतिशत की कमी

IRCTC ने टिकट बुकिंग में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए एंटी-बॉट तकनीक और नए कंटेंट डिलीवरी नेटवर्क का इस्तेमाल किया है। इससे संदिग्ध बॉट ट्रैफिक में 65 प्रतिशत तक कमी आई।

कंपनी ने 3 करोड़ से अधिक संदिग्ध यूजर आईडी निष्क्रिय की हैं और 16 हजार से ज्यादा अवैध ईमेल डोमेन ब्लॉक किए हैं। सुबह 8 से 8:10 बजे तक अधिकृत एजेंटों की बुकिंग पर रोक तथा शुरुआती समय में आधार-वेरिफाइड यूजर्स को प्राथमिकता देने जैसे कदम भी उठाए गए हैं।

SCROLL FOR NEXT