पूर्व सीएम आवास के पुनर्विकास की योजना 
भारत

दिल्ली सरकार का बड़ा निर्णय, 'शीशमहल' को नई पहचान देने की तैयारी

सरकार बनाएगी स्टेट गेस्ट हाउस और कल्चरल सेंटर

नई दिल्ली : दिल्ली सरकार ने सिविल लाइंस स्थित 6, फ्लैगस्टाफ रोड पर बने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक आवास के उपयोग को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। राज्य सरकार ने इस परिसर को राज्य अतिथि गृह (स्टेट गेस्ट हाउस) और अत्याधुनिक सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है।

सरकार के अनुसार, इस परिसर को पुनर्विकसित कर यहां देश और विदेश से आने वाले सरकारी प्रतिनिधिमंडलों, विशिष्ट अतिथियों तथा वरिष्ठ अधिकारियों के ठहरने की स्थायी व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेट गेस्ट हाउस तैयार किया जाएगा, ताकि आधिकारिक मेहमानों की बेहतर ढंग से मेजबानी की जा सके।

इसके साथ ही परिसर में एक आधुनिक सांस्कृतिक केंद्र भी विकसित करने की योजना है, जहां विभिन्न सांस्कृतिक एवं सरकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा सकेगा। सरकार का कहना है कि इस परियोजना का उद्देश्य राजधानी में उच्चस्तरीय सरकारी मेहमानों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना और परिसर का सार्वजनिक उपयोग बढ़ाना है।

उल्लेखनीय है कि भाजपा लंबे समय से पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस सरकारी आवास को 'शीशमहल' कहकर निशाना बनाती रही है। अब इसी परिसर को नए स्वरूप में विकसित करने की दिशा में सरकार ने औपचारिक पहल शुरू कर दी है।

SCROLL FOR NEXT