केजरीवाल के सुंदरकांड पाठ पर BJP का तीखा पलटवार 
भारत

'चुनावी हिंदू' बन रहे केजरीवाल: राम मंदिर अभियान पर BJP का बड़ा हमला

सुंदरकांड पाठ पर भाजपा का हमला, बोली- राम मंदिर मुद्दे पर AAP कर रही राजनीति

दिल्ली : अयोध्या के श्री राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी आमने-सामने आ गई हैं।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान शुरू करने के बाद रविवार को सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया। वहीं, भाजपा ने इसे राजनीतिक कदम बताते हुए केजरीवाल पर निशाना साधा।

अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में रोहिणी के सेक्टर-10 स्थित जापानी पार्क में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इस दौरान उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी उनके साथ मौजूद थे। आम आदमी पार्टी का कहना है कि यह आयोजन राम मंदिर में चढ़ावे की कथित हेराफेरी के विरोध और जनजागरण के उद्देश्य से किया गया।

इस आयोजन पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक हरीश खुराना ने अरविंद केजरीवाल पर चुनावी राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही केजरीवाल धार्मिक कार्यक्रमों के जरिए खुद को हिंदू हितैषी दिखाने की कोशिश करते हैं। खुराना ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह पूरा अभियान चलाया जा रहा है।

हरीश खुराना ने यह भी कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे की कथित गड़बड़ी के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार पहले ही कार्रवाई कर रही है। उनके अनुसार, मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है, जांच जारी है और कई गिरफ्तारियां भी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले को राजनीतिक रंग देने के बजाय जांच एजेंसियों को अपना काम करने देना चाहिए।

वहीं, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने भी केजरीवाल के सुंदरकांड पाठ पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव से पहले भी केजरीवाल ने इसी तरह सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया था और अब एक बार फिर चुनावी माहौल में धार्मिक कार्यक्रमों का सहारा लिया जा रहा है।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल पहले राम मंदिर को लेकर अलग रुख रखते थे, लेकिन अब राजनीतिक परिस्थितियों के अनुसार अपनी रणनीति बदल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता ऐसे आयोजनों के राजनीतिक उद्देश्य को समझती है।

SCROLL FOR NEXT