स्वरा भास्कर और करणी सेना की महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष लक्ष्मी तंवर 
भारत

जहां मिलेगी, वहीं पिटेगी', स्वरा भास्कर को करणी सेना ने दी धमकी

जौहर पर अभिनेत्री स्वरा भास्कर के दिए बयान को लेकर विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। राष्ट्रीय करणी सेना की महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष लक्ष्मी तंवर ने स्वरा भास्कर पर हमला बोला है। लक्ष्मी तंवर ने एक वीडियो में स्वरा भास्कर के जौहर पर की गई टिप्पणी को लेकर बड़े सख्त लहजे में आपत्ति जताते हुए उन्हें पीटने की धमकी दे डाली है। दरअसल हाल ही में स्वरा भास्कर ने संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' के जौहर वाले दृश्य की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें यह सीन देखकर काफी गुस्सा आया था और उन्होंने डायरेक्टर संजय लीला भंसाली को ओपन लेटर लिखा था। उनके इस बयान के बाद विवाद छिड़ गया है।

क्या कहा करणी सेना की महिला अध्यक्ष ने ?

करणी सेना की महिला अध्यक्ष लक्ष्मी तंवर ने अब एक वीडियो में स्वरा भास्कर की जमकर आलोचना की है और उन्हें धमकी दी है। लक्ष्मी तंवर ने कहा,"कान खोल के सुन, तेरी औकात नहीं है क्षत्राणियों और वीरांगनाओं के बारे में बात करने की। तू उनकी जूती के बराबर भी नहीं है। उनकी मृत देह को भी जिहादी नहीं छू पाए थे। वो थीं वो वीरांगनाएं और क्षत्राणियां ।"

'तेरी एक्टिंग की दुकान पे तो ताला लग चुका है..'

तंवर ने कहा कि आजकल एक ट्रेंड चल रहा है कि कोई भी राजपूतों के बारे में कुछ भी बोलकर नाम और प्रसिद्धि पाने की कोशिश करता है। उन्होंने कहा,"तेरी एक्टिंग की दुकान पे तो ताला लग चुका है और आजकल एक ट्रेंड चल रहा है कि कोई भी कीड़ा-मकोड़ा आकर राजपूतों के बारे में कुछ भी बकवास कर जाए नेम-फेम पाने के लिए।"

लक्ष्मी तंवर ने अपने बयान में फिल्मकार संजय लीला भंसाली और खुशी मुखर्जी से जुड़े विवादों का भी जिक्र किया और धमकी भरे अंदाज में कहा,"अब स्वरा भास्कर का नंबर है। हम तेरे को छोड़ने वाले हैं नहीं, जहां मिलेगी वहीं पिटेगी और जब तक पीटेंगे नहीं छोड़ेंगे नहीं, ये याद रखना।"

'स्वरा भास्कर अपनी भाषा सुधार लें '

वहीं, करणी सेना की महिला विंग की अध्यक्ष कीर्ति राठौड़ ने स्वरा भास्कर पर इतिहास की जानकारी के बिना बयान देने और वीरांगनाओं के बलिदान का अपमान करने का आरोप लगाया है। कीर्ति राठौड़ ने कहा कि स्वरा भास्कर को राजपूत क्षत्राणियों के इतिहास की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि जौहर को ‘कायरता' बताना वीरांगनाओं के बलिदान का अपमान है । कीर्ति राठौड़ ने कहा, “स्वरा भास्कर अपनी भाषा सुधार लें। जिस तरह की बयानबाजी वह कर रही हैं, उससे उन्हें समझना चाहिए कि हिंदू क्षत्राणियों का इस तरह अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा। करणी सेना इसका विरोध करेगी।

SCROLL FOR NEXT