अमरावती : आंध्र प्रदेश के वाईएसआर कडप्पा जिले में पिछले कुछ सप्ताह के दौरान कोविड-19 संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जिले में अब तक कोरोना संक्रमण के आठ नए मामले सामने आए हैं, जबकि दो संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है।
लगातार नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है और निगरानी के साथ-साथ सभी आवश्यक तैयारियों को तेज कर दिया है।
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, जिले के राजमपेट क्षेत्र के 52 वर्षीय एक व्यक्ति को कई दिनों से बुखार और खांसी की शिकायत थी। जांच कराने पर उसकी कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
बेहतर इलाज के लिए उसे तमिलनाडु के वेल्लोर स्थित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (सीएमसी) में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जिले में सामने आए नए मामलों और दो मरीजों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
अधिकारियों ने अस्पतालों को आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संक्रमण की रोकथाम के लिए निगरानी बढ़ाने, संदिग्ध मरीजों की जांच करने और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई दें तो वह तुरंत डॉक्टर से सलाह लें और जरूरत पड़ने पर कोविड जांच कराएं।
अधिकारियों ने यह भी कहा है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतें, स्वच्छता का ध्यान रखें और स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि संक्रमण को बढ़ने से रोका जा सके।