अलीराजपुर : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को कहा कि आदिवासी योद्धाओं ने ब्रिटिश शासन का विरोध करने में निर्णायक भूमिका निभाई लेकिन भारत की आजादी के बाद कांग्रेस ने उनकी विरासत को नजरअंदाज कर दिया। आदिवासी बहुल अलीराजपुर जिले में आदिवासी नायक बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आदिवासी क्रांतिकारियों को सम्मानित करने का काम शुरू किया है और भाजपा देश भर में उनकी विरासत को पुनर्जीवित कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘यह दिन किसी भी त्योहार से बढ़कर है। आदिवासी समुदाय ने अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों के खिलाफ लड़ाई लड़ी। बिरसा मुंडा, चित्तू सिंह किराड़, टंट्या मामा और (शहीद) चंद्रशेखर आजाद ने उनके खिलाफ ऐतिहासिक लड़ाइयां लड़ीं। लेकिन आजादी के बाद कांग्रेस ने आदिवासी इतिहास को नजरअंदाज कर दिया।’
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद, कांग्रेस ने आदिवासियों को ‘वोट बैंक’ की तरह इस्तेमाल किया और आदिवासी क्रांतिकारियों के इतिहास को छुपाया। बिहार विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए, यादव ने कहा कि कांग्रेस का सफाया हो गया है।
ये भी पढ़ें :- टोटो चालकों का पलायन या पुलिस की सख्ती?
इन चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने भारी जीत हासिल की है। बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा में राजग ने 202 सीटें जीतीं, जिनमें भाजपा की 89 और नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जनता दल (यू) की 85 सीटें शामिल हैं। कांग्रेस सिर्फ छह सीटों पर विजयी हुई और महागठबंधन में शामिल राजद को 25 सीटें मिलीं।
यादव ने कहा, ‘अब पप्पू (कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जिक्र) को घर भेजना होगा। कांग्रेस नेताओं को ध्यान से सुनना चाहिए। हम जो कहते हैं, वो करते हैं और विकास के लिए काम करते रहेंगे।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने ‘लाडली बहना’ योजना के तहत 1500 रुपये प्रति माह देना शुरू कर दिया है और इसे धीरे-धीरे बढ़ाकर 3000 रुपये करने की योजना है।
यादव ने कहा कि उनकी सरकार ने किसानों के लिए मूल्य-अंतर उपज योजना लागू की है। नए बिजली ग्रिडों को मंजूरी दी है और फसल क्षतिपूर्ति के लिए 45 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं तथा अलीराजपुर की प्रत्येक पंचायत के लिए 20 नए कुएं उपलब्ध कराएगी।
भाजपा की मध्यप्रदेश इकाई के प्रमुख हेमंत खंडेलवाल ने आदिवासी युवाओं से बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलने और राज्य के विकास में योगदान देने का आग्रह किया। इससे पहले यादव ने 49.73 करोड़ रुपये की लागत वाले विकास कार्यों का भूमि पूजन किया और 194.78 करोड़ रुपये की लागत वाली पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
उन्होंने स्थानीय कॉलेज मैदान में बिरसा मुंडा और आदिवासी नेता चित्तू सिंह किराड़ की प्रतिमाओं का अनावरण भी किया। राज्य के कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान, सांसद अनीता नागरसिंह चौहान और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर सहित अन्य लोग इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
ये भी पढ़ें :- कोलकाता में इलेक्ट्रॉनिक सामान के गोदाम में लगी आग