भारत

Bisleri Water Controversy: पानी की गुणवत्ता पर उठे सवाल, अब देशभर में Packaged Water Brands की होगी जांच

FSSAI ने असुरक्षित नमूने के मामले में Bisleri के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी। कंपनी ने रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए पानी को सुरक्षित बताया, सरकार अब अन्य ब्रांडों के नमूनों की भी जांच करेगी।

Tanisha Hirawat

देश के सबसे लोकप्रिय पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांड्स में शामिल Bisleri की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के एक पानी के नमूने को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने के बाद उसके खिलाफ अभियोजन (Prosecution) की मंजूरी दी है। इस मामले के सामने आने के बाद सरकार अब देशभर में बिकने वाले अन्य पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांड्स की भी जांच कराने जा रही है। सोमवार, 23 नवंबर को सामने आई जानकारी के मुताबिक, इस जांच का उद्देश्य बाजार में उपलब्ध पैकेज्ड पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है।

क्या मिला था पानी के नमूने में?

इस मामले की शुरुआत सितंबर 2025 में हुई थी, जब FSSAI ने गोवा स्थित Bisleri की एक Manufacturing Facility से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के छह नमूने लिए थे। कंपनी के मुताबिक, इनमें से पांच नमूने निर्धारित मानकों पर खरे उतरे, जबकि एक नमूने में Bromate की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाई गई। इसकी निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।

कंपनी ने शुरुआती रिपोर्ट को चुनौती दी, जिसके बाद नमूने को Referral Laboratory में भेजा गया। FSSAI के अनुसार, आगे की जांच में नमूने में Polycyclic Aromatic Hydrocarbons (PAHs) पाए गए और उसे असुरक्षित घोषित किया गया। इसके बाद प्राधिकरण ने Food Safety and Standards Act, 2006 के तहत कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी।

Bisleri ने क्या कहा?

कंपनी ने इन निष्कर्षों पर सवाल उठाए हैं। Bisleri का कहना है कि उसने उसी नमूने की जांच FSSAI से मान्यता प्राप्त एक स्वतंत्र लैब में भी कराई थी, जहां Bromate की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई गई। कंपनी ने दावा किया कि उसने 2 फरवरी 2026 को जांच के नतीजे FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को सौंप दिए थे, लेकिन उसके बाद कोई जवाब नहीं मिला। कंपनी के मुताबिक, उसे इस मामले में किसी आधिकारिक नोटिस की जानकारी भी नहीं मिली थी। Bisleri ने कहा है कि पीने के पानी की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है और वह नियामक के साथ पूरा सहयोग करेगी।

अब दूसरे ब्रांड्स की भी होगी जांच

Reuters की रिपोर्ट के मुताबिक, सरकारी सूत्रों ने बताया कि FSSAI अब Bisleri के अन्य नमूनों के साथ-साथ दूसरी कंपनियों के पैकेज्ड पानी की भी जांच करेगा। एक अन्य सरकारी सूत्र के अनुसार, विवादित नमूने से जुड़े बैच वापस लिए जा चुके हैं और बाद की जांच में पानी की गुणवत्ता को लेकर कोई समस्या नहीं मिली।

गौरतलब है कि अभियोजन की मंजूरी का अर्थ कंपनी को दोषी ठहराया जाना नहीं है। मामले में कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। फिलहाल इस घटनाक्रम ने देश में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की गुणवत्ता और उसकी निगरानी को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

SCROLL FOR NEXT