दोनों ने की एक-दूसरे की खिंचाई फोटो एसपी, सन्मार्ग संवाददाता कुल्टी : बीसीसीएल सीबी एरिया की ओर से क्वार्टर खाली कराने के नोटिस पर कांग्रेस नेता रवि यादव ने एरिया कार्यालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेता ने कुल्टी के भाजपा विधायक व मंत्री पर अप्रत्यक्ष रूप से कई आरोप लगाये। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा प्रत्याशी के रूप में कुल्टी के विधायक ने बीसीसीएल के क्वार्टर में रहने वाले लोगों को स्थायी रूप से व्यवस्था करने का आश्वासन दिया था। वहीं जब कंपनी की ओर से क्वार्टर खाली करने का नोटिस दिया गया तो स्थानीय विधायक व भाजपा नेता मूकदर्शक बने हुए हैं। इसे लेकर कुल्टी के विधायक व मंत्री पुत्र व भाजपा नेता केशव पोद्दार ने इस आरोप को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान क्वार्टर खाली कराने से मना किया गया था। भाजपा नेता केशव पोद्दार ने पुराने तेवर दिखाते हुये एक वीडियो जारी किया जिसमें उन्होंने बताया कि मैं नहीं जानता कि रवि कौन पार्टी में हैं। भाजपा ने विरोधी दल के कार्यकर्ता के रूप में आंदोलन किया और जनता के समर्थन से बंगाल में सरकार बनाया है। उन्होंने कहा कि बीसीसीएल अपने नियम-कानून का पालन कर रही है। किसी को अगर विरोध करना है तो आम जनता होकर करे। वहीं कहा कि जब से भाजपा की सरकार बनी है, उसके बाद कांग्रेस का सींग जमने लगा है। कथित तौर पर केशव पोद्दार ने अपने पुराने तेवर में कहा कि तृणमूल को हटाने में देर नहीं लगी, अब कांग्रेस कुकुरमुत्ते की तरह जमने लगी है। उन्होंने कहा कि यदि आंदोलन का तरीका नहीं आता तो भाजपा उन्हें आंदोलन करना सीखा देगी। इस वीडियो के वायरल होते ही कांग्रेस नेता रवि यादव ने भी एक वीडियो जारी कर भाजपा के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। इन दोनों नेताओं का वायरल वीडियो कुल्टी की राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि कांग्रेस इन वीडियों की सच्चाई की पुष्टि नहीं करता है।